Chandauli News: भैंसौर अंडरपास निर्माण में देरी, चंदौली में धीमी प्रगति को लेकर ग्रामीण नाराज

Chandauli News: चंदौली के भैसौर गांव में ऐतिहासिक अंडरपास निर्माण की धीमी गति से ग्रामीण नाराज हैं। किसानों ने रेलवे अधिकारियों से जल्द काम पूरा कराने की मांग की है।

Update:2026-06-19 09:24 IST

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली जनपद के धीना क्षेत्र के भैसौर गांव के पास पटना-दानापुर रेल मार्ग पर बन रहे अंडरपास के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।आपको बता दें कि निवर्तमान केंद्रीय मंत्री व पूर्व सांसद डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने रेलवे के नियमों में परिवर्तन कराते हुए ऐतिहासिक कार्य कराया था। इसके तहत देश का पहला बिना क्रॉसिंग वाला अंडरपास भैसौर में स्वीकृत कराया गया था। वर्ष 2024 में शिलान्यास हुए इस अंडरपास के निर्माण की धीमी गति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।

ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से चल रहा निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से हो रहा है, जिससे परियोजना के जल्द पूरा होने की उम्मीद धूमिल होती जा रही है।किसान नेता भानु राय, टुनटुन राय, राजाराम राय, सोनू राय तथा रामजी शुक्ला सहित अन्य किसानों ने बताया कि रेलवे लाइन के उत्तरी हिस्से में उनकी कृषि भूमि स्थित है। अंडरपास न होने के कारण किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने के लिए 10 से 15 किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। अंडरपास बन जाने के बाद यह दूरी घटकर लगभग 500 मीटर रह जाएगी, जिससे किसानों को काफी राहत मिलेगी।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि बरसात से पहले निर्माण कार्य में तेजी लाई जाती तो इसका लाभ किसानों को मिल सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार जानबूझकर कार्य में देरी कर रहे हैं, ताकि बरसात के दौरान जलभराव का बहाना बनाकर काम को फिर एक वर्ष तक टाला जा सके।किसानों ने कहा कि अंडरपास का निर्माण पूरा होने से न केवल कृषि कार्य सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों ने पटना मंडल के डीआरएम तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) मंडल के रेलवे अधिकारियों से निर्माण कार्य में तेजी लाकर इसे शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।उनका कहना है कि लंबे समय से लंबित इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाना चाहिए।

Tags:    

Similar News