Chandauli News : चंदौली में सो रहे युवक की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या, गांव में फैली सनसनी

Chandauli News : चंदौली के जोगिया कला गांव में सो रहे युवक की कुल्हाड़ी से हत्या, गांव में दहशत, पुलिस जांच में जुटी।

Update:2026-06-06 09:38 IST

Chandauli News  

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चन्दौली जनपद के चकिया कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जोगिया कला गांव में शनिवार की अलसुबह एक युवक की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या किए जाने की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार जोगिया कला गांव निवासी 32 वर्षीय बेचई सोमवार की रात खाना खाने के बाद अपने घर के बाहर बनी झोपड़ी में चारपाई पर सोने चला गया था। परिजनों के मुताबिक रात में सब कुछ सामान्य था, लेकिन शनिवार की सुबह जब घर के लोग उसे जगाने पहुंचे तो चारपाई पर उसका शव खून से लथपथ पड़ा मिला। यह दृश्य देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक तथा दहशत का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक के गर्दन और शरीर पर कुल्हाड़ी से किए गए कई वार के निशान मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हमलावर ने बेहद बेरहमी के साथ हत्या को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही चकिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। फॉरेंसिक टीम को भी आवश्यक जांच के लिए लगाया गया है।

पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह और आरोपी की पहचान करने के लिए कई टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। संदिग्धों से पूछताछ के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद जोगिया कला गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस जल्द से जल्द मामले के खुलासे का दावा कर रही है।

Tags:    

Similar News