Chandauli News: किसान पंचायत रोकने के लिए महासभा के जिलाध्यक्ष के घर पर पुलिस का पहरा

Chandauli News: चंदौली में 10 अगस्त की किसान पंचायत से पहले अखिल भारतीय किसान महासभा जिलाध्यक्ष श्रवण मौर्य के घर पुलिस तैनात। किसानों ने प्रशासन पर दबाव बनाने का आरोप लगाया।

Update:2026-08-05 21:07 IST

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली में किसानों की जमीनों का अधिग्रहण किए जाने के विरोध में आगामी 10 अगस्त को जिला मुख्यालय पर एक बड़ी 'किसान पंचायत' का आयोजन होने जा रहा है। आरोप है कि इस आंदोलन को दबाने और कमजोर करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन लगातार प्रयास कर रहे हैं। इसी कड़ी में 5 अगस्त की रात 8बजे अखिल भारतीय किसान महासभा के जिलाध्यक्ष कामरेड श्रवण मौर्य के घर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

क्या है पूरा मामला?

चंदौली जिले में सरकार द्वारा विंध्य एक्सप्रेस-वे सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं के नाम पर किसानों की उपजाऊ जमीनों का अधिग्रहण किया जा रहा है। किसान संगठनों का आरोप है कि यह अधिग्रहण किसान विरोधी और कॉर्पोरेट-परस्त नीतियों के तहत किया जा रहा है। अपनी जमीनों को बचाने और उचित मुआवजे व अधिकारों की मांग को लेकर किसानों ने 10 अगस्त को जिला मुख्यालय पर महापंचायत का आह्वान किया है।

आंदोलन रोकने की कोशिश पर उठा सवाल

किसान नेताओं का कहना है कि सरकार और पुलिस प्रशासन को यह गलतफहमी है कि यदि मुख्य किसान नेताओं की गतिविधियों पर रोक लगा दी जाएगी या उन्हें उनके घरों में कैद कर दिया जाएगा, तो किसान आंदोलन रुक जाएगा। नेताओं का आरोप है कि पुलिस का यह पहरा 10 अगस्त की किसान पंचायत में व्यवधान डालने और किसानों की आवाज दबाने की नीयत से लगाया गया है।

"अपनी जमीन बचाने खुद आगे आ रहे हैं किसान"

अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रतिनिधियों ने साफ किया है कि यह लड़ाई केवल चंद नेताओं की नहीं है, बल्कि उन तमाम किसानों के अस्तित्व की है जिनकी रोजी-रोटी और जमीन छीनी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे जितने पहरे लगा ले या नेताओं को रोक ले, लेकिन जिन किसानों की जमीनें अधिग्रहित की जा रही हैं, वे अपनी आजीविका बचाने के लिए खुद-ब-खुद एकजुट हो चुके हैं। किसान प्रशासन के किसी भी दबाव के आगे झुकने वाले नहीं हैं और 10 अगस्त का प्रदर्शन होकर रहेगा।

Tags:    

Similar News