Chandauli News: डीडीयू मंडल में बारिश के अलर्ट पर रेलवे सतर्क, बढ़ी निगरानी
Chandauli News: आईएमडी के मौसम अलर्ट के बाद डीडीयू रेल मंडल ने ट्रैक, पुल, सिग्नल और बिजली व्यवस्था की निगरानी बढ़ाई, यात्रियों की सुरक्षित यात्रा के लिए विशेष इंतजाम किए गए।
डीडीयू मंडल में बारिश के अलर्ट पर रेलवे सतर्क, बढ़ी निगरानी (Photo- Newstrack)
Chandauli News: मानसून के दौरान ट्रेनों का परिचालन सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) रेल मंडल पूरी तरह सतर्क हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) से मिल रहे मौसम अलर्ट के आधार पर मंडल के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के निर्देशों पर सभी संबंधित विभाग मिलकर काम कर रहे हैं, ताकि यात्रियों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
मौसम अलर्ट से मिलती है समय पर जानकारी
मौसम विभाग द्वारा जारी नक्शों और चेतावनियों (ग्रीन, येलो, ऑरेंज और रेड अलर्ट) को रेलवे बोर्ड तुरंत रेल मंडलों के साथ साझा करता है। इससे यह पता चल जाता है कि किस इलाके में कितनी तेज बारिश हो सकती है। डीडीयू मंडल को ये अपडेट लगातार मिल रहे हैं, जिससे समय रहते जरूरी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
पटरी, पुल और तटबंधों की विशेष निगरानी
मौसम की चेतावनी मिलते ही रेलवे ट्रैक, पुलों और मिट्टी के तटबंधों की जांच तेज कर दी जाती है।
मानसून गश्त: पटरियों पर 24 घंटे पैनी नजर रखने के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
सफाई व्यवस्था: पटरियों और यार्डों के आसपास पानी न भरे, इसके लिए नालों और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई कराई गई है।
सिग्नल और बिजली व्यवस्था पर भी पैनी नजर
बारिश के मौसम में सिग्नल या बिजली की खराबी से ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए विशेष कदम उठाए गए हैं:
सिग्नल एवं टेलीकॉम: सभी उपकरणों की जांच की जा रही है और बैकअप तैयार रखा गया है।
विद्युत सुरक्षा: बिजली के उपकरणों को पानी के भराव से बचाने और बैटरी-पावर सप्लाई को दुरुस्त रखने के पूरे इंतजाम हैं।
सभी विभागों का आपसी समन्वय
डीडीयू मंडल मौसम से जुड़ी हर जानकारी पर लगातार नजर बनाए हुए है। मंडल का उद्देश्य है कि भारी बारिश के बावजूद ट्रेनों की रफ्तार थमे नहीं और यात्रियों का सफर पूरी तरह सुरक्षित रहे। इसके लिए सभी विभाग एक साथ तालमेल बिठाकर काम कर रहे हैं।