Chandauli News: पूर्व सैनिकों ने भरी हुंकार, राष्ट्रहित और लोकतंत्र पर मंथन

Chandauli News: मैक्सवेल सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल में लोकमत परिष्कार सभा आयोजित, पूर्व सैनिकों ने राष्ट्रहित, जागरूक मतदान और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने का लिया संकल्प।

Update:2026-11-22 21:00 IST

पूर्व सैनिकों ने भरी हुंकार, राष्ट्रहित और लोकतंत्र पर मंथन (Photo- Newstrack)

Chandauli News: चंदौली के मैक्सवेल पैरामेडिकल इंस्टीच्यूट के डायरेक्टर कृष्ण नंद पांडे के मैक्सवेल सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल में रविवार को अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, काशी प्रांत की कार्यकारिणी की ओर से लोकमत परिष्कार सभा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भाग लेकर राष्ट्रहित, सामाजिक दायित्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और जागरूक जनमत निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने एकजुट होकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और समाज में राष्ट्रवादी विचारधारा को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के काशी प्रांत के प्रांत प्रचारक श्री रमेश जी भाई साहब मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनकी गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए वक्ता ने कहा कि पूर्व सैनिक केवल देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले प्रहरी ही नहीं हैं, बल्कि समाज को राष्ट्रहित, राष्ट्रीय कर्तव्यों और लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने वाली महत्वपूर्ण शक्ति भी हैं।

उन्होंने कहा कि सैनिकों का सम्मान करना, उनके परिवारों का कल्याण सुनिश्चित करना और पूर्व सैनिकों की समस्याओं का समाधान करना समाज और सरकार की सामूहिक जिम्मेदारी है। पूर्व सैनिकों के पास अनुशासन, अनुभव और राष्ट्रसेवा की जो भावना है, वह समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

उन्होंने लोकतंत्र की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि जागरूक और विवेकपूर्ण मतदान ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है। प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित, राष्ट्रीय सुरक्षा, सैनिकों के सम्मान और देश के विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। समाज में जागरूक जनमत का निर्माण समय की आवश्यकता है।

बैठक में काशी प्रांत के प्रांत अध्यक्ष श्री रेवती रमण तिवारी, संगठन मंत्री डॉ. कृष्णानंद पांडेय, कैप्टन विनोद कुमार उपाध्याय, रामावतार पाल, एस.के. गुप्ता, अजीत सिंह, धीरज सिंह, यू.एन. यादव और विनय मौर्य सहित सैकड़ों की संख्या में पूर्व सैनिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में पूर्व सैनिकों के अनुभव, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के योगदान को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया। साथ ही राष्ट्रहित के प्रति समर्पित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक समाज के निर्माण के संकल्प को दोहराया गया।

Tags:    

Similar News