‘मच्छर और माफिया दोनों को किया साफ...’, CM Yogi ने कसा तंज, इस एक इलाके का नाम बदलने का ऐलान

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर दौरे के दौरान जिले को विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात देने के साथ एक महत्वपूर्ण घोषणा भी की।

Update:2026-06-02 14:00 IST

CM Yogi Adityanath

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर दौरे के दौरान जिले को विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात देने के साथ एक महत्वपूर्ण घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक कस्बे फाजिलनगर का नाम बदलकर "पावागढ़" करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की पावन निर्वाण स्थली के रूप में जाना जाता है और इसकी पहचान उसी ऐतिहासिक एवं धार्मिक विरासत के अनुरूप होनी चाहिए।

फाजिलनगर का नाम पावागढ़ किए जाने से जैन समुदाय को मिलेगा सम्मान

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब इस भूमि का संबंध भगवान महावीर के जीवन और उनकी आध्यात्मिक विरासत से है, तब इसका नाम भी उसी गौरवशाली इतिहास को दर्शाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों को संरक्षित करने के साथ-साथ उनकी ऐतिहासिक पहचान को पुनर्स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका मानना है कि फाजिलनगर का नाम पावागढ़ किए जाने से जैन समुदाय की आस्था को सम्मान मिलेगा और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र बौद्ध और जैन धर्म से जुड़ी महत्वपूर्ण विरासतों का केंद्र है। नाम परिवर्तन के बाद देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को इस स्थल की ऐतिहासिक पहचान के बारे में बेहतर जानकारी मिल सकेगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार के अवसर भी बढ़ेंगे।

पूर्ववर्ती सरकारों पर भी निशाना साधा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और अपराधियों का बोलबाला था। व्यापारियों, किसानों और आम नागरिकों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ता था। उन्होंने जुबानी हमला करते हुए कहा कि साल 2017 से पहले पूर्वांचल में दो चीजों का आतंक था। एक तो मच्छर और दूसरा माफिया। सरकार ने दोनों ही चीजों का खात्मा कर दिया है। आज प्रदेष में न तो बीमारी का ही खौफ है और न ही माफिया का। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और बेटियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। शोहदों को ठीक करने का काम किया गया है। जो बोली से नहीं ठीक हुआ, वह गोली से मान गया है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कुशीनगर के लिए 424 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि कुशीनगर आज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, बेहतर सड़क नेटवर्क और आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के कारण वैश्विक पहचान बना रहा है। सरकार इस पूरे क्षेत्र को बौद्ध और जैन धार्मिक पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

Tags:    

Similar News