Etah News: कांवड़ मार्ग पर मीट की दुकान खुली होने का वीडियो वायरल, शासनादेश के पालन पर उठे सवाल
Etah News: एटा में कांवड़ मार्ग पर मीट की दुकान खुली होने का वीडियो वायरल हुआ है। कांवड़ यात्रा के दौरान दुकानों को बंद रखने के शासनादेश के पालन को लेकर प्रशासनिक निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं। वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
Etah News
Etah News: श्रावण कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ मार्ग पर मीट की दुकानें बंद रखने के शासनादेश के बीच एटा शहर के प्रमुख दीनदयाल उपाध्याय चौराहे का एक वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। वायरल वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि कांवड़िए उसी मार्ग से गुजर रहे हैं, जबकि सामने एक मीट की दुकान खुली नजर आ रही है। यदि वीडियो की पुष्टि होती है तो यह शासन के निर्देशों के अनुपालन पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान धार्मिक भावनाओं तथा कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली मीट की दुकानों को बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। जिला प्रशासन को इन आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।गौरतलब है कि प्रशासन पिछले लगभग एक माह से कांवड़ यात्रा की तैयारियों में जुटा हुआ है।सुरक्षा, यातयात, स्वास्थ्य, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर लगातार बैठकें और निरीक्षण किए जा रहे हैं।शुक्रवार को ही आगरा जोन के अपर पुलिस महानिदेशक एस. के. भगत ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और विभिन्न विभागों के समन्वय का जायजा लिया था। बैठक में कांवड़ यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।
ऐसे में दीनदयाल उपाध्याय चौराहे से सामने आए इस वीडियो ने प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब प्रमुख चौराहों पर ही शासनादेश का पालन नहीं हो रहा है, तो अन्य क्षेत्रों में स्थिति कैसी होगी, इसकी भी जांच होनी चाहिए।हालांकि, वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। यदि जांच में वीडियो सही पाया जाता है, तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और दुकान संचालक के विरुद्ध शासनादेश के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। प्रशासन की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।