Etawah News: साइबर क्राइम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अश्लील सामग्री प्रसारित करने वाला युवक गिरफ्तार

Etawah News: सोशल मीडिया पर महिलाओं और नाबालिगों से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री साझा करने के आरोप में युवक गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त आईफोन बरामद, आईटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज।

Update:2026-07-09 21:56 IST

साइबर क्राइम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अश्लील सामग्री प्रसारित करने वाला युवक गिरफ्तार (Photo- Newstrack)

Etawah News: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कर महिलाओं एवं बालिकाओं की गरिमा के विरुद्ध अश्लील सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इंस्टाग्राम के माध्यम से आपत्तिजनक और अश्लील वीडियो अपलोड करने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त आईफोन मोबाइल बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

साइबर टीम की जांच में हुआ खुलासा

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के मार्गदर्शन में सोशल मीडिया पर महिलाओं और नाबालिग बालिकाओं से संबंधित अश्लील सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना साइबर क्राइम पुलिस को सूचना मिली कि एक इंस्टाग्राम अकाउंट से लगातार महिलाओं एवं नाबालिगों से जुड़ी अश्लील वीडियो साझा की जा रही हैं। सूचना मिलते ही साइबर टीम ने तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जांच शुरू की।

जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और आपराधिक अभिसूचना के आधार पर पुलिस ने बसरेहर क्षेत्र के अकबरपुर सीएचसी चौराहे से नगला बाबू निवासी 21 वर्षीय तरुण कुमार पुत्र रविंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया एक आईफोन मोबाइल भी बरामद किया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह सोशल मीडिया पर अधिक से अधिक फॉलोअर्स बढ़ाने और अनुचित लाभ कमाने के उद्देश्य से महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित अश्लील सामग्री अपलोड करता था। आरोपी के खिलाफ थाना बसरेहर में मुकदमा संख्या 50/2026 के तहत धारा 77 एवं 294 बीएनएस तथा 67A आईटी एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।

इस कार्रवाई को थाना साइबर क्राइम प्रभारी निरीक्षक राघवेन्द्र तिवारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक लोकेश कुमार, हेड कांस्टेबल विजय कुमार, कांस्टेबल मनीष कुमार, बृजेश गोला, पंकज सिंह, आदित्य देओल एवं चालक कांस्टेबल शिव कुमार की टीम ने अंजाम दिया।

Tags:    

Similar News