Etawah News: 'सैफई मेडिकल संस्थान मुलायम सिंह यादव का सपना था, भाजपा सरकार ने किया साकार', CM योगी का सपा पर बड़ा हमला
इटावा में 604 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सैफई मेडिकल संस्थान, कानून व्यवस्था, रोजगार और विकास को लेकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला।
Etawah News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को इटावा, जसवंतनगर और भरथना विधानसभा क्षेत्रों में 604 करोड़ रुपये की लागत वाली 128 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, प्रमाण पत्र, आवास की चाबियां और अन्य सहायता भी वितरित की।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला और कहा कि सैफई ग्रामीण आयुर्विज्ञान संस्थान स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव का सपना था, लेकिन समाजवादी पार्टी की सरकार उसे आगे नहीं बढ़ा सकी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने संस्थान को नई गति दी और सुपर स्पेशियलिटी व गायनी ब्लॉक का निर्माण पूरा कराया।
'मुलायम का सपना भाजपा ने पूरा किया'
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने सैफई ग्रामीण आयुर्विज्ञान संस्थान की परिकल्पना की थी, लेकिन पांच वर्ष तक मुख्यमंत्री रहने के बावजूद अखिलेश यादव इसे अपेक्षित गति नहीं दे सके। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 490 करोड़ रुपये की लागत से 500 बेड का सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक और 232 करोड़ रुपये की लागत से 300 बेड का गायनी ब्लॉक बनवाकर संस्थान को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से जोड़ा।
अखिलेश यादव पर व्यक्तिगत टिप्पणी
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास कार्य पहले भी हो सकते थे, लेकिन उसके लिए इच्छाशक्ति की आवश्यकता थी। उन्होंने कहा, "बबुआ दोपहर 12 बजे उठते थे, दो बजे तक तैयार होते थे, पांच बजे जिम चले जाते थे और शाम को महफिल जम जाती थी। जनता और विकास के लिए समय ही नहीं था।"
उन्होंने आरोप लगाया कि इसी कारण इटावा और प्रदेश लंबे समय तक पहचान के संकट से जूझते रहे।
'यूपी अब दंगा नहीं, विकास से पहचाना जाता है'
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश अपराध, दंगा और माफिया के लिए जाना जाता था, जबकि आज प्रदेश निवेश, विकास और कानून-व्यवस्था का मॉडल बन चुका है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाकर संगठित अपराध और माफिया के खिलाफ कार्रवाई की है। अब उत्तर प्रदेश की पहचान "वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज", "वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट (ODOP)" और "वन डिस्ट्रिक्ट-वन क्यूज़ीन" जैसी योजनाओं से बन रही है।
'अब नौकरी सिफारिश नहीं, मेरिट से मिलती है'
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सरकारी नौकरियों में सिफारिश और पैसे का बोलबाला था, लेकिन अब पूरी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी है।
उन्होंने कहा कि जब नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में इटावा के युवा बिना किसी सिफारिश के चयनित होकर आते हैं तो उन्हें सबसे अधिक संतोष होता है।
'सैफई सिंडिकेट' पर हमला
योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि पहले प्रदेश में "सैफई सिंडिकेट" का प्रभाव था और कानून व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित थी। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश माफिया मुक्त, गुंडा मुक्त, कर्फ्यू मुक्त और उपद्रव मुक्त बन चुका है।
धार्मिक और सांस्कृतिक मुद्दों का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पहले मंदिरों के विकास की बजाय कब्रिस्तानों की बाउंड्री वॉल पर अधिक खर्च किया जाता था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में श्रीराम मंदिर, विंध्य कॉरिडोर और अन्य धार्मिक स्थलों के विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
इटावा को मिली 604 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं
मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही प्रमुख विकास योजनाओं का भी उल्लेख किया। इनमें शामिल हैं—
- 604 करोड़ रुपये की 128 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास
- जल जीवन मिशन के तहत 540 गांवों में पेयजल परियोजनाएं
- लगभग 2.33 लाख परिवारों को हर घर नल योजना से जोड़ने का लक्ष्य
- भरथना और ताखा में औद्योगिक क्लस्टर का विकास
- चंबल नदी पर सिग्नेचर ब्रिज निर्माण
- इटावा-कन्नौज और इटावा-ग्वालियर राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं
- रेलवे फ्लाईओवर, बाईपास और अन्य कनेक्टिविटी परियोजनाएं
लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र और सहायता
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को ट्रैक्टर की चाबी, मुख्यमंत्री आवास योजना की चाबी, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के चेक, स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय सहायता, आयुष्मान एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के टूल किट तथा अन्य सहायता सामग्री वितरित की।