Etawah News: इटावा में चार वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
Etawah News: इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र में चार वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी विजय यादव को पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया।
Etawah News
Etawah News: इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र में करीब चार वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पुलिस ने छह घंटे के भीतर आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। आरोपी की पहचान विजय यादव (28) पुत्र बलवीर सिंह निवासी मोहल्ला कायस्थान, इकदिल के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 25 नवंबर की रात बच्ची शादी समारोह में भोजन करने के बाद परिजनों के साथ घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में विजय यादव ने कथित तौर पर बच्ची को चॉकलेट खिलाने का लालच दिया और पास के आलू के खेत में ले जाकर उसके साथ गलत कृत्य करने का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों की तहरीर के आधार पर इकदिल थाने में मुकदमा संख्या 271/2026 धारा 76 बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धारा 9एम/10 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर बबीता सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर अवनीश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गईं।
पुलिस के अनुसार, रात में इकदिल थाना पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सैयद बाबा देवस्थान के पास एक संदिग्ध व्यक्ति छिपा दिखाई दिया। पुलिस टीम ने पूछताछ का प्रयास किया तो उसने तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया।आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में इकदिल थाने में दूसरा मुकदमा भी दर्ज किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।