Etawah News: इटावा में जनगणना-2027 अभियान तेज, एसएसपी ने की स्वगणना और सहयोग की अपील
Etawah News: इटावा में जनगणना-2027 के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्वगणना प्रक्रिया पूरी कर लोगों से सहयोग की अपील की। उन्होंने इसे देश के विकास और योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण बताया।
Etawah News
Etawah News: भारत सरकार द्वारा संचालित जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत स्वगणना प्रक्रिया को लेकर जनपद में जागरूकता अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने स्वयं स्वगणना की निर्धारित प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूर्ण कर जनपदवासियों को राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संदेश दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने इस अवसर पर कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं है, बल्कि यह देश की विकास योजनाओं, संसाधनों के संतुलित वितरण और भविष्य की नीतियों के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा तैयार की जाने वाली विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं जनगणना के आंकड़ों पर आधारित होती हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह सही, सटीक और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराए।उन्होंने बताया कि स्वगणना प्रक्रिया का उद्देश्य नागरिकों को तकनीकी माध्यमों से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने के लिए प्रोत्साहित करना है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी बन सके। एसएसपी ने कहा कि जनगणना देशहित से जुड़ा एक महत्वपूर्ण कार्य है और इसमें सभी नागरिकों की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
इस दौरान उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना अधिकारियों का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी या अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि सही जानकारी उपलब्ध कराने से ही सरकार को योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने में मदद मिलेगी और समाज के प्रत्येक वर्ग तक सुविधाएं पहुंच सकेंगी।पुलिस द्वारा भी जनपद के सभी नागरिकों से जिम्मेदारीपूर्वक जनगणना-2027 में भाग लेने और राष्ट्र निर्माण के इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने की अपील की गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जागरूक नागरिकों के सहयोग से ही यह राष्ट्रीय अभियान सफल हो सकेगा।