Etawah News: चोरी की झूठी सूचना देने और विवाद करने पर चार गिरफ्तार, पुलिस ने की कार्रवाई
Etawah News: जुगरामऊ गांव में तीन लाख रुपये की चोरी की सूचना निकली झूठी, जांच में रकम पत्नी के पास मिली, विवाद बढ़ने पर फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया।
चोरी की झूठी सूचना देने और विवाद करने पर चार गिरफ्तार, पुलिस ने की कार्रवाई (Photo- Newstrack)
Etawah News: इटावा के थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र के ग्राम जुगरामऊ में तीन लाख रुपये की चोरी की सूचना मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही यूपी-112 की पीआरवी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। जांच के दौरान चोरी की सूचना झूठी निकली। पुलिस ने आपसी विवाद और शांति भंग होने की आशंका के चलते चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को यूपी-112 के माध्यम से सूचना दी गई कि ग्राम जुगरामऊ निवासी कृष्ण मुरारी कश्यप के घर से तीन लाख रुपये चोरी हो गए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस और पीआरवी टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। छानबीन के दौरान पता चला कि चोरी बताई गई तीन लाख रुपये की रकम कृष्ण मुरारी की पत्नी सुनीता के पास सुरक्षित रखी हुई थी। इस तरह चोरी की सूचना असत्य पाई गई।
जांच में सामने आया कि शालू कुशवाहा और अंश कुमार के बीच मोबाइल फोन पर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और उनके बीच कहासुनी के साथ विवाद शुरू हो गया। पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया आपसी विवाद में पुलिस पर दबाव बनाने के उद्देश्य से चोरी की झूठी सूचना दिए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन विवाद की स्थिति बनी रहने पर निरोधात्मक कार्रवाई की गई। एसएसपी इटावा के निर्देशन में थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस ने कृष्ण मुरारी कश्यप, शिवदयाल कुशवाहा, ललित यादव और अंश कुमार को धारा 170/127/135 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कृष्ण मुरारी कश्यप (30), शिवदयाल (19), ललित यादव (22) और अंश कुमार (19) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है।