Etawah News: लूट की योजना बना रहे दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों के पैरों में लगी गोली
Etawah News: इटावा में लूट की योजना बना रहे दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए गए। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने हथियार भी बरामद किए।
Etawah News(Photo-Social Media)
Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद के जसवंतनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की योजना बना रहे दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी अवैध हथियारों के साथ क्षेत्र में घूम रहे थे और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, 25 मई 2026 को थाना जसवंतनगर पुलिस कचौरा बाईपास क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक अवैध तमंचों और कारतूसों के साथ लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सतर्क हो गई।
वहीं इसके कुछ देर बाद एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी सुमित उर्फ सनकी पहलवान के दाहिने पैर और शक्ति उर्फ तनुष के बाएं पैर में गोली लगी।
वहीं गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित उर्फ सनकी पहलवान निवासी नगला भगत, जसवंतनगर तथा शक्ति उर्फ तनुष निवासी आनंद नगर, इटावा के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, तीन खोखा कारतूस, चार जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त हीरो होंडा मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना जसवंतनगर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपियों पर पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।