एक्सप्रेसवे पर बिछ गईं तीन लाशें! शादी की खुशियां मनाने आए परिवार में पसरा मातम

Delhi Meerut Expressway Accident: गाजियाबाद के दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे पति-पत्नी और उनके बेटे को कुचल दिया। तीनों की मौके पर मौत हो गई, जबकि कार चालक फरार है।

Update:2026-11-23 16:10 IST

Ghaziabad Road Accident

Delhi Meerut Expressway Accident: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का कहर एक ही परिवार के तीन लोगों की जिंदगी लील गया। गाजियाबाद में सड़क पार कर रहे पति-पत्नी और उनके बेटे को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक कार समेत फरार हो गया। हादसे की वजह से एनएच-9 पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

शादी में शामिल होने गाजियाबाद आया था परिवार

यह दर्दनाक हादसा गाजियाबाद के विजय नगर थाना क्षेत्र में बागू के सामने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हुआ। जानकारी के मुताबिक, मथुरा का रहने वाला एक परिवार 21 नवंबर को शादी समारोह में शामिल होने के लिए गाजियाबाद आया था। इसी दौरान परिवार के तीन सदस्य सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान हीरालाल, उनकी पत्नी राजकुमारी और बेटे तेजवीर के रूप में हुई है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजनों में मातम पसरा है। हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग निकला।

हादसे के बाद NH-9 पर लगा लंबा जाम

टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर शव पड़े होने और लोगों की भीड़ जुटने के कारण एनएच-9 पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और लंबा जाम लग गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया।

पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुटी है। हादसे के कारणों और चालक की पहचान को लेकर जांच की जा रही है।

कार की टक्कर से स्कूटी सवार भी घायल

गाजियाबाद में तेज रफ्तार वाहनों से जुड़े हादसे का एक अन्य मामला भी सामने आया है। वेव सिटी सेक्टर-5 में रहने वाले हर्ष वर्धन तोमर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे वह स्कूटी से वेव सिटी की ओर जा रहे थे।

जब वह पंचशील प्राइम रोज के सामने पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए। इस दुर्घटना में उनके दाएं हाथ और बाएं पैर में चोट आई। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की है।

Tags:    

Similar News