गोरखपुर: सीएम योगी ने रखी पहले वानिकी विवि की आधारशिला, 792 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

Gorakhpur News: गोरखपुर के कैम्पियरगंज में सीएम योगी ने प्रदेश के पहले वानिकी विवि की आधारशिला रखी और 792 करोड़ की 55 परियोजनाओं की सौगात दी। विपक्ष पर भी साधा निशाना।

Update:2026-11-19 19:03 IST

UP News: गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर के कैम्पियरगंज स्थित भारीवैसी में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय (फॉरेस्ट्री एंड हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी) की आधारशिला रखी। इस अवसर पर उन्होंने कुल 792.18 करोड़ रुपये की लागत वाली 55 विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी। इसमें 491 करोड़ रुपये के वानिकी विश्वविद्यालय सहित 621.05 करोड़ की 16 परियोजनाओं का शिलान्यास और 171.13 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। समारोह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने विकास कार्यों के साथ-साथ समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और एआईएमआईएम पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।

अयोध्या चुनाव की चुनौती और विपक्ष पर तंज

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे और वहां से चुनाव लड़ने की चुनौती पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या हमारी आस्था की भूमि है, लेकिन यदि वे वहां से नामांकन करते हैं, तो वे भी आमने-सामने चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने बिना नाम लिए विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि रामभक्त हर समय प्रभु श्रीराम का स्मरण करते हैं, जबकि दुर्जनों के मुंह से केवल अंतिम समय में ही राम नाम निकलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलाईं और अयोध्या को सुविधाओं से वंचित रखा, आज उन्हें भी राम नाम याद आ रहा है।

रोड शो हादसे और कानून-व्यवस्था पर सख्त रुख

बुधवार को गोरखपुर में सपा के रोड शो के दौरान काफिले के वाहन से कुचलकर एक किशोर की मौत पर मुख्यमंत्री ने गहरा आक्रोश जताया। इसे निर्मम हत्या करार देते हुए उन्होंने प्रशासन को सड़कों पर अराजकता फैलाने वाले तत्वों को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश की सड़कें आमजन के सुगम आवागमन के लिए हैं, न कि अराजकता फैलाने के लिए। उन्होंने चेतावनी दी कि बहन-बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने या गरीबों की जमीन पर कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने एआईएमआईएम प्रमुख का नाम लिए बिना हैदराबाद के एक नेता पर तंज कसते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के चुनाव परिणाम आने तक हैदराबाद के भाग्यलक्ष्मीपुरम बनने की सौगात भी तय हो जाएगी।

50 हेक्टेयर में बनेगा अत्याधुनिक वानिकी विश्वविद्यालय

कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर शिलान्यास पट्टिका का अनावरण किया और कल्पवृक्ष का पौधा लगाया। कैम्पियरगंज के भारीवैसी में 50 हेक्टेयर (123.55 एकड़) क्षेत्र में 491 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस विश्वविद्यालय में प्रशासनिक भवन, दो शैक्षणिक ब्लॉक, केंद्रीय पुस्तकालय, बहुउद्देशीय सभागार, 895 विद्यार्थियों के लिए छात्रावास और 401 आवासीय इकाइयां विकसित की जाएंगी।

यहां वानिकी, औद्यानिकी, वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन और एग्रोफॉरेस्ट्री जैसे विषयों में डिप्लोमा, स्नातक (बीएससी), परास्नातक (एमएससी) और पीएचडी पाठ्यक्रम संचालित होंगे। इस विश्वविद्यालय से डिग्री प्राप्त करने वाले युवाओं को उत्तर प्रदेश राज्य वन सेवा और क्षेत्रीय वन अधिकारी के पदों पर क्षैतिज आरक्षण देने का भी प्रस्ताव है।

बाढ़ बचाव और पेयजल परियोजनाओं को मिली गति

मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास की गई अन्य प्रमुख परियोजनाओं में रोहिन नदी के दाएं तट पर मछलीगांव-अलगटपुर तटबंध के कल्यानपुर के पास 54.52 करोड़ रुपये और मानीराम-डोमिनगढ़ तटबंध के ग्राम सिउरिया के पास 57.19 करोड़ रुपये की लागत से पम्पिंग स्टेशन का निर्माण शामिल है। वहीं, लोकार्पित परियोजनाओं में अमृत 2.0 के तहत पीपीगंज नगर पंचायत पेयजल योजना (पार्ट-1 व पार्ट-2) तथा राप्ती और रोहिन नदियों के तटबंधों पर कटाव निरोधक कार्य प्रमुख रूप से शामिल हैं।

पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण का नया कीर्तिमान

पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए सीएम योगी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्षों में देवता और नदियों में देवी का वास माना गया है, इसलिए इनका संरक्षण आवश्यक है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा 'मन की बात' में सराहे गए अभियान के तहत 12 जुलाई 2026 को प्रदेश की जनता ने एक ही दिन में 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाकर कीर्तिमान बनाया, जबकि बीते साढ़े नौ वर्षों में राज्य में कुल 280 करोड़ पौधरोपण किया जा चुका है। इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, वन राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, केपी मलिक, सांसद रविकिशन शुक्ल, विधायक फतेह बहादुर सिंह और महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News