Gorakhpur News: राष्ट्रपति दो दिन के प्रवास पर 30 जून को आएंगी गोरखपुर, आयुष यूनिवर्सिटी के सौगात के साथ एम्स के पहले दीक्षांत में होंगी शामिल

Gorakhpur News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का यह पूर्वी उत्तर प्रदेश का पहला दौरा है। राष्ट्रपति के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में आंशिक फेरबदल हुआ है।

Update:2025-06-22 07:52 IST

Gorakhpur News

Gorakhpur News: महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आगामी 30 जून को गोरखपुर आ रही हैं। वह दो दिन के प्रवास के लिए पूर्वी यूपी में आ रही है। वह रात्रि विश्राम भी गोरखपुर में ही करेंगी। अब तक प्रशासन को मिले कार्यक्रम के मुताबिक राष्ट्रपति आगामी 30 जून को एम्स में दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी। वहीं एक जुलाई को वह आयुष विश्वविद्यालय का लोकार्पण करेंगी।

 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का यह पूर्वी उत्तर प्रदेश का पहला दौरा है। राष्ट्रपति के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में आंशिक फेरबदल हुआ है। आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति ने बताया कि राष्ट्रपति आयुष विवि का लोकार्पण अब एक जुलाई को करेंगी। पहले यह कार्यक्रम 30 जून को था। दो दिन के प्रवास के दौरान राष्ट्रपति गोरखनाथ मंदिर भी दर्शन करने जा सकती हैं। प्रशासन से जुड़े सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रपति 30 जून को दोपहर में आएंगी। अगले दिन आयुष विवि का लोकार्पण करने के बाद वापस रवाना होंगी। शासन व प्रशासन के अधिकारियों ने इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि राष्ट्रपति सर्किट हाउस में रात्रि निवास कर सकती हैं।

एम्स के दीक्षांत में सफेद उत्तरीय में आएंगी नजर

 एम्स 30 जून को होने वाले पहले दीक्षांत समारोह को ऐतिहासिक और यादगार बनाने में जुट गया है। भव्य दीक्षांत समारोह के लिए ड्रेस कोड और उत्तरीय के रंगों का चयन कर लिया गया है। दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सफेद उत्तरीय में नजर आएंगी, जो सर्वोच्च गरिमा का प्रतीक होगा।

विशिष्ट अतिथि बैंगनी उत्तरीय में नजर आएंगे। समारोह में डिग्री व मेडल लेने वाले छात्र पीले रंग का उत्तरीय पहनेंगे। एम्स के पहले दीक्षांत समारोह में 61 विद्यार्थियों में 48 एमबीबीएस, आठ एमएससी नर्सिंग व पांच एमएससी मेडिकल के छात्र शामिल हैं। ये छात्र पीले उत्तरीय एवं वेशभूषा में नजर आएंगे। फैकल्टी के लिए भी वेशभूषा तय की गई है। पुरुष फैकल्टी सदस्य हाफ व्हाइट कुर्ता-पायजामा, गहरे भूरे रंग की जैकेट और महिला फैकल्टी सदस्य गोल्डन बॉर्डर वाली व्हाइट साड़ी व गहरे भूरे रंग की जैकेट में नजर आएंगी।

Tags:    

Similar News