Hapur News: मोबाइल एप से स्कूटी बंद कर महिला की सोने की चेन लूटी, मददगार बनकर पहुंचे थे बदमाश
Hapur News: हापुड़ के दिल्ली रोड पर मेरिनो कंपनी के सामने बाइक सवार दो बदमाशों ने कथित तौर पर मोबाइल एप के जरिए महिला की स्कूटी बंद कर दी। मदद के बहाने पहुंचे आरोपियों ने अर्चना त्यागी के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए।
Hapur News
Hapur News: शहर में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा दिल्ली रोड पर हुई चेन लूट की वारदात से लगाया जा सकता है। यहां बदमाशों ने लूटपाट के लिए एक नया तरीका अपनाते हुए पहले महिला की स्कूटी को कथित तौर पर मोबाइल एप के जरिए बंद कर दिया। इसके बाद स्कूटी में खराबी आने का फायदा उठाकर मदद के बहाने महिला के पास पहुंचे और पलक झपकते ही उसके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। बदमाशों की इस चालाकी के चलते महिला को संभलने और शोर मचाने तक का मौका नहीं मिल सका। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के गांव अच्छेजा निवासी अर्चना त्यागी अपनी स्कूटी पर सवार होकर दिल्ली रोड से गुजर रही थीं। बताया गया है कि जब वह मेरिनो कंपनी के सामने पहुंचीं, तभी बाइक सवार दो युवक उनके आसपास आ गए। आरोप है कि बदमाशों ने किसी मोबाइल एप की मदद से उनकी स्कूटी को बंद कर दिया। चलते-चलते अचानक स्कूटी रुकने से महिला भी हैरान रह गईं।उन्होंने स्कूटी को सड़क किनारे खड़ा किया और यह देखने लगीं कि आखिर वाहन अचानक बंद कैसे हो गया। इसी दौरान दोनों युवक उनके पास पहुंच गए। शुरुआत में उनका अंदाज ऐसा था, मानो वे स्कूटी में आई खराबी को लेकर मदद करने आए हों, लेकिन उनके इरादे कुछ और ही थे।
मददगार बनकर पहुंचे, चंद सेकंड में वारदात को दिया अंजाम
महिला अभी स्कूटी की खराबी समझने का प्रयास ही कर रही थीं कि दोनों बदमाशों ने उन्हें निशाना बना लिया। आरोप है कि बदमाशों ने अचानक उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली। महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।अचानक हुई इस वारदात से अर्चना त्यागी घबरा गईं। उन्होंने शोर मचाने के साथ ही तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। दिनदहाड़े सड़क पर महिला से चेन लूटे जाने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई।
सीसीटीवी कैमरों में तलाशे जा रहे बदमाशों के चेहरे
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और पीड़िता से पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। बदमाश किस दिशा से आए थे और वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुए, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।इस मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि महिला से सोने की चेन लूटने की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।अब पुलिस के सामने चुनौती यह है कि कथित तौर पर मोबाइल एप के जरिए स्कूटी बंद करने वाले इन बदमाशों तक कैसे पहुंचा जाए और शहर में सक्रिय ऐसे अपराधियों पर किस तरह अंकुश लगाया जाए।