Hapur News: दहेज के लिए विवाहिता को मासूम संग घर से निकाला! 20 लाख की मांग पूरी न होने पर मारपीट

Hapur News: हापुड़ के पिलखुवा क्षेत्र में विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर 20 लाख रुपये दहेज की मांग, उत्पीड़न और पांच माह के मासूम के साथ घर से निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

By :  Avnish Pal
Update:2026-05-20 18:16 IST

Hapur News

Hapur News: हापुड़ जिले के पिलखुवा क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर दहेज में 20 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करने, लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करने तथा पांच माह के मासूम बच्चे के साथ घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के आदेश के बाद महिला थाना पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी के कुछ दिन बाद ही शुरू हो गई दहेज की मांग

थाना पिलखुवा क्षेत्र के मोहल्ला जाटान मढ़ैया निवासी अवंतिका गोयल द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार उनकी शादी 30 नवंबर 2024 को मेरठ जनपद के सवाया जमालपुर स्थित गणपति पार्क निवासी राहुल अग्रवाल के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी। विवाह समारोह में मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार करीब 45 लाख रुपये खर्च किए और घरेलू सामान, आभूषण तथा अन्य उपहार भी दिए।पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति राहुल अग्रवाल, ससुर अनुज अग्रवाल, सास अंशु अग्रवाल और ननद सिमरन अग्रवाल ने दहेज में 20 लाख रुपये अतिरिक्त लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। मांग पूरी न होने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की जाने लगी।

दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप

रिपोर्ट में कहा गया है कि ससुराल पक्ष के लोग अक्सर उन्हें ताने देते थे और मायके से रुपये लाने का दबाव बनाते थे। विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज की जाती थी। पीड़िता का आरोप है कि कई बार उनके साथ मारपीट भी की गई, जिससे वह मानसिक तनाव में रहने लगीं।

पुत्र के जन्म के बाद भी नहीं रुका उत्पीड़न

अवंतिका गोयल के अनुसार 20 दिसंबर 2025 को उन्होंने एक पुत्र आरव अग्रवाल को जन्म दिया। परिवार में बच्चे के आगमन के बाद हालात सुधरने की उम्मीद थी, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद दहेज की मांग और उत्पीड़न जारी रहा। ससुराल पक्ष ने 20 लाख रुपये की मांग को लेकर उन्हें लगातार परेशान किया और अंततः मारपीट कर पांच माह के मासूम बच्चे के साथ घर से बाहर निकाल दिया।पीड़िता ने बताया कि घर से निकाले जाने के बाद दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई। इसके बाद 11 फरवरी को पति राहुल अग्रवाल ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए उन्हें वापस अपने साथ रखने का भरोसा दिया और दोबारा ससुराल ले गया।हालांकि विवाहिता का आरोप है कि कुछ समय बाद फिर से प्रताड़ना का सिलसिला शुरू हो गया और दहेज की मांग को लेकर उन्हें परेशान किया जाने लगा।

पति पर चाकू से हमला करने की कोशिश का आरोप

रिपोर्ट के अनुसार 12 मई को विवाद एक बार फिर बढ़ गया। विवाहिता का आरोप है कि उस दिन ससुराल पक्ष ने उनके साथ गाली-गलौज की और पति राहुल अग्रवाल ने जान से मारने की नीयत से उन पर चाकू से हमला करने का प्रयास किया। हालांकि वह किसी तरह बचकर घर से बाहर निकल गईं।पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद आरोपियों ने एक बार फिर उन्हें उनके पांच माह के बेटे के साथ घर से निकाल दिया, जिसके बाद उन्होंने न्याय के लिए पुलिस अधिकारियों से गुहार लगाई।

एसपी के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दी।शिकायत की जांच के बाद एसपी के आदेश पर महिला थाना पुलिस ने पति राहुल अग्रवाल, ससुर अनुज अग्रवाल, सास अंशु अग्रवाल और ननद सिमरन अग्रवाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।क्षेत्राधिकारी वरुण मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत और एसपी के आदेश के आधार पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News