Hapur News: दहेज की मांग ने ली विवाहिता की जान? जंगल में पेड़ से लटका मिला शव, पति गिरफ्तार

Hapur News: हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में विवाहिता प्रियंका का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला। मायके पक्ष के आरोप पर पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर पति मनवीर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

By :  Avnish Pal
Update:2026-07-16 22:01 IST

Hapur News

Hapur News: गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव रेतावाली मड़ैया में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पति को गिरफ्तार कर लिया है। विवाहिता का शव गांव के जंगल में पेड़ से लटका मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मायके पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया और आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायलय मे पेश कर जेल भेज गया है।पुलिस के अनुसार गांव रेतावाली मड़ैया निवासी मनवीर सिंह की शादी करीब दो वर्ष पूर्व प्रियंका पुत्री कलुवा निवासी गांव हतिया खेड़ा, थाना हसनपुर, जनपद अमरोहा के साथ हुई थी। बताया गया है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद होता रहता था।

जंगल में पेड़ से लटका मिला शव, मचा हड़कंप

शुक्रवार सुबह गांव के जंगल में एक पेड़ से प्रियंका का शव लटका मिलने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर गढ़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रियंका की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।

शादी में दिया था लाखों का दहेज, फिर भी जारी रही मांग

मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी में पांच लाख रुपये से अधिक का दान-दहेज दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। आरोप है कि विवाह के बाद लगातार एक लाख रुपये नकद और दो भैंस की मांग की जाती रही।परिजनों का कहना है कि अप्रैल माह में भी दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर प्रियंका को घर से निकाल दिया गया था। बाद में दोनों पक्षों के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में समझौता कराया गया, जिसके बाद वह फिर ससुराल चली गई थी।

मौत से दो दिन पहले किया था फोन

मायके पक्ष का दावा है कि घटना से दो दिन पहले प्रियंका ने फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट की जा रही है और उसे परेशान किया जा रहा है। इसके बाद अचानक उसकी मौत की खबर मिलने से परिवार सदमे में है।परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। प्राथमिक साक्ष्यों और शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति मनवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।गढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि विवाहिता की मौत के मामले में मायके पक्ष की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News