Hapur: गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार थार पलटी, चार युवकों की मौत, 17 साल का किशोर घायल
Hapur News: हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर देर रात तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय किशोर घायल हुआ है। सभी बदायूं से दिल्ली जा रहे थे।
Hapur News
Hapur News: गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पांच परिवारों को झकझोर कर रख दिया। बदायूं से दिल्ली की ओर जा रही तेज रफ्तार थार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना गंभीर था कि वाहन में सवार चार युवकों की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय किशोर घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही सिंभावली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
आधी रात को एक्सप्रेसवे पर पलटी थार
पुलिस के मुताबिक रविवार रात करीब 11:56 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि गंगा एक्सप्रेसवे पर थार संख्या DL 8C BL 9822 दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई है। सूचना मिलते ही सिंभावली थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहां सड़क पर पलटी थार और उसके आसपास का मंजर देखकर पुलिसकर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू की।बताया गया कि थार में बदायूं जिले के रहने वाले पांच युवक सवार थे और सभी बदायूं से दिल्ली की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सिंभावली क्षेत्र में वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
चार युवकों ने मौके पर तोड़ा दम
हादसे में जोगिंदर (26) पुत्र झाझन सिंह निवासी पालपुर, थाना बिल्सी, बदायूं, सुखबीर (25) पुत्र होतीलाल निवासी मेवली, थाना उघैती, बदायूं, जसवंत (20) पुत्र होतीलाल निवासी मेवली, थाना उघैती, बदायूं और रवि (20) पुत्र करण सिंह निवासी पुरदलपुर, थाना इस्लामनगर, बदायूं गंभीर रूप से घायल हुए।सभी को चिकित्सकीय जांच के लिए ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में विष्णु (17) पुत्र गिरिराज निवासी पालपुर, थाना बिल्सी, बदायूं घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।रात के समय हुए इस हादसे के बाद गंगा एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटनाग्रस्त थार के कारण यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने तत्काल वाहन को एक्सप्रेसवे से हटवाया, जिसके बाद यातायात को सामान्य कराया गया।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह? जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। हालांकि हादसा आखिर किस वजह से हुआ, इसकी स्थिति पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस टीम ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।एक्सप्रेसवे जैसे तेज रफ्तार मार्ग पर देर रात हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पांच युवक दिल्ली की ओर जा रहे थे, लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही सफर मौत में बदल गया।पुलिस ने मृतकों के शवों के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है।