Hapur News: करंट की चपेट में आकर कक्षा 11 के छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम
Hapur News: हापुड़ में करंट की चपेट में आने से कक्षा 11 के छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Hapur News(Photo-Social Media)
Hapur News: पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसे में कक्षा 11 के छात्र की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। कमरे से बाहर निकलते समय छात्र का पैर टेबल फैन के क्षतिग्रस्त तार पर पड़ गया। करंट लगने के बाद स्वजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मोहल्ले में भी मातम पसरा हुआ है।
सुबह छह बजे हुआ दर्दनाक हादसा
मोहल्ला गढ़ी निवासी मूलचंद का 18 वर्षीय बेटा मनीष एक इंटर कॉलेज में कक्षा 11 में पढ़ता था। बताया गया कि सोमवार सुबह करीब छह बजे मनीष रोज की तरह सोकर उठा और कमरे से बाहर निकलने लगा। इसी दौरान कमरे में रखे टेबल फैन का तार क्षतिग्रस्त था। जैसे ही मनीष का पैर कटे हुए तार की चपेट में आया, वह अचानक करंट से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा। परिवार के लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मनीष को मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की खबर सुनते ही स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पढ़ाई के साथ परिवार की भी करता था मदद
मनीष दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके पिता मूलचंद दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि मां पूजा गृहस्थी संभालती हैं। मनीष का छोटा भाई गौरव कक्षा छह में पढ़ता है।परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मनीष पढ़ाई के साथ छोटे-मोटे काम करके घर की आर्थिक मदद भी करता था। परिजनों और मोहल्ले के लोगों के अनुसार वह मिलनसार और शांत स्वभाव का था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन एक पल में हुए हादसे ने उनकी खुशियां छीन लीं।
मोहल्ले में पसरा मातम
मनीष की अचानक मौत से मोहल्ले के लोग भी स्तब्ध हैं। पड़ोसियों का कहना है कि सुबह तक जो युवक अपने परिवार के बीच था, उसकी कुछ ही देर बाद मौत की खबर ने सभी को झकझोर दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने जांच की बात कही घटना की सूचना पुलिस को तत्काल नहीं दी गई थी। बाद में मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने आवश्यक जांच की बात कही है। कोतवाली प्रभारी मनोज बालियान ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर मामले की आवश्यक जांच कराई जाएगी।