Hapur News : हापुड़ में पेट्रोल पंप पर दबंगों का तांडव, लाठी-डंडों से मशीनों में तोड़फोड़

Hapur News : हापुड़ में पेट्रोल पंप पर दबंगों ने लाठी-डंडों और पथराव से जमकर तोड़फोड़ की, पूरी घटना CCTV में कैद हुई।

By :  Avnish Pal
Update:2026-05-19 10:45 IST

Hapur News, petrol pump attack

Hapur News: उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ जनपद में बदमाशों और दबंगों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहें हैं। यहां अब हालात ऐसे हो गए हैं कि सार्वजनिक स्थान भी सुरक्षित नहीं लग रहा है। यहां थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के किठौर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर देर रात दबंगों ने ऐसा तांडव मचाया कि वहां मौजूद कर्मचारी जान बचाकर भागने को मजबूर हो गए। यहां दर्जनों की संख्या में पहुंचे युवकों ने पेट्रोल पंप पर जमकर गाली-गलौज, मारपीट, पथराव और तोड़फोड़ की।

आरोपियों ने पेट्रोल पंप की मशीनों को निशाना बनाते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया और पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। कुछ ही मिनटों में पूरा पेट्रोल पंप रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।वहीं इस घटना में पेट्रोल पंप की मशीनों, शीशों और अन्य सामान को भारी नुकसान पहुंचा है। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मिडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत और लोगों में भारी आक्रोश है।

मामूली कहासुनी के बाद लौटे दबंग

जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत पेट्रोल डलवाने को लेकर हुई थी। बताया जा रहा है कि, पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने पहुंचे कुछ युवकों की सेल्समैन से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उस समय मौजूद लोगों ने मामला शांत करा दिया और आरोपी वहां से चले गए। लेकिन देर रात आरोपी फिर से अपने कई साथियों के साथ पेट्रोल पंप पर पहुंचे। आते ही उन्होंने कर्मचारियों को धमकाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी बेहद आक्रामक थे और लगातार कर्मचारियों को डराने-धमकाने के साथ तोड़फोड़ करते रहे।

मशीनों पर बरसाए डंडे, पथराव से टूटा सामान

दबंगों ने पेट्रोल पंप की मशीनों को निशाना बनाकर उन पर जमकर लाठी-डंडे बरसाए। इसके बाद पथराव शुरू कर दिया गया, जिससे मशीनों के शीशे टूट गए और पंप परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।हमले के दौरान वहां मौजूद कर्मचारी और अन्य लोग दहशत में आ गए। कुछ कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए ऑफिस में छिप गए तो कुछ मौके से भाग निकले। वहीं इस मामले में प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे और उनका मकसद सिर्फ दहशत फैलाना था।

CCTV में कैद हुई दबंगई

वहीं पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में ये पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। यहां वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी किस तरह बेखौफ होकर मशीनों में तोड़फोड़ कर रहे हैं। कुछ युवक हाथों में लाठी-डंडे लिए दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ पथराव करते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। साथ ही स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पेट्रोल पंप जैसे सार्वजनिक और संवेदनशील स्थानों पर भी इस तरह खुलेआम गुंडागर्दी होगी तो आम आदमी खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेगा।

देर रात पहुंची पुलिस, जांच शुरू

वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही थाना हापुड़ देहात पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पेट्रोल पंप कर्मचारियों से पूछताछ की। साथ ही सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। वहीं इस घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है ताकि दोबारा कोई तनाव की स्थिति न बने।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

थाना हापुड़ देहात प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि पेट्रोल पंप पर तोड़फोड़ और हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News