Hapur News: रेलवे रोड पर चोरों का धावा, मेडिकल स्टोर का शटर तोड़ 40 हजार उड़ाए

Hapur News: हापुड़ के रेलवे रोड स्थित राजधानी मेडिकल स्टोर को चोरों ने निशाना बनाते हुए शटर तोड़कर गल्ले में रखे करीब 40 हजार रुपये चोरी कर लिए। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर व्यापारियों में हड़कंप मच गया।

By :  Avnish Pal
Update:2026-11-26 10:11 IST

Hapur News

Hapur News: हापुड़ में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब शहर के व्यस्त व्यापारिक इलाकों में भी दुकानें सुरक्षित नहीं रह गई हैं। रात के अंधेरे में बेखौफ चोरों ने रेलवे रोड स्थित एक मेडिकल स्टोर को निशाना बना लिया। चोर दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे और गल्ले में रखी करीब 40 हजार रुपये की नकदी समेटकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने वारदात को अंजाम दिया और किसी को भनक तक नहीं लगी। गुरुवार सुबह टूटा हुआ शटर देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। घटना से व्यापारियों में रोष है और उन्होंने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ ही जल्द खुलासे की मांग की है। 

जानकारी के अनुसार, मोहल्ला कलेक्टर गंज निवासी विशु रेलवे रोड पर राजधानी मेडिकल स्टोर का संचालन करते हैं। बुधवार रात वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। इसके बाद देर रात चोरों ने दुकान को निशाना बनाया। आरोपियों ने पहले शटर तोड़ा और फिर अंदर घुसकर गल्ले में रखी करीब 40 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सुबह टूटा शटर देखकर उड़े होश, मौके पर जुटे व्यापारी

गुरुवार सुबह रेलवे रोड से गुजर रहे लोगों की नजर मेडिकल स्टोर के टूटे शटर पर पड़ी। दुकान की हालत देखकर चोरी की आशंका हुई तो उन्होंने तत्काल संचालक विशु को सूचना दी। मौके पर पहुंचे संचालक ने दुकान के अंदर जांच की तो नकदी गायब मिली। चोरी की जानकारी मिलते ही आसपास के व्यापारी भी एकत्र हो गए। दिन निकलते ही चोरी की खबर पूरे इलाके में फैल गई।

व्यस्त बाजार में चोरी ने खड़े किए सुरक्षा पर सवाल

रेलवे रोड जैसे व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र में दुकान का शटर तोड़कर चोरी किए जाने से व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि जब शहर के प्रमुख बाजारों में इस तरह चोरी की घटनाएं हो रही हैं तो अन्य इलाकों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से रात के समय गश्त बढ़ाने और बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

सीसीटीवी फुटेज में तलाशे जा रहे चोरों के सुराग

घटना की सूचना पर कोतवाली हापुड़ नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान की जा सके।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि चोरी की घटना की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी करते हुए घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

Tags:    

Similar News