Hapur News: 15 लाख की मांग, मारपीट और छेड़छाड़ के आरोप, दरोगा समेत 5 के खिलाफ केस
Hapur News : हापुड़ में तैनात दरोगा समेत पांच लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और छेड़छाड़ के आरोप, महिला थाने में मुकदमा दर्ज।
Hapur News: उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात एक दरोगा समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी, स्त्रीधन हड़पने और छेड़छाड़ जैसे गंभीर आरोपों में महिला थाना हापुड़ में मुकदमा दर्ज किया गया है। मेरठ निवासी एक विवाहिता की शिकायत पर दर्ज इस मामले ने पुलिस महकमे में भी चर्चा पैदा कर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।
पीड़िता ने महिला थाना पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी शादी 7 मार्च 2024 को सहारनपुर जनपद के थाना ननौता क्षेत्र के एक गांव निवासी प्रदीप कुमार के साथ हुई थी। प्रदीप कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (दरोगा) के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में उनकी तैनाती हापुड़ पुलिस लाइन में बताई गई है।
शादी के बाद शुरू हुआ दहेज का दबाव
विवाहिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही उसके पति प्रदीप कुमार, सास उषा देवी और देवर हरेंद्र, दीपक तथा हिमांशु उर्फ छोटू अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उससे 15 लाख रुपये लाने का दबाव बनाते थे और मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।पीड़िता के अनुसार, उसे आए दिन ताने दिए जाते थे और छोटी-छोटी बातों को लेकर अपमानित किया जाता था। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी, जिससे उसका जीवन बेहद कठिन हो गया था।
देवर पर अशोभनीय हरकत और जबरदस्ती की कोशिश का आरोप
शिकायत में विवाहिता ने एक गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पति के ड्यूटी पर रहने के दौरान उसका देवर हरेंद्र उसके साथ अशोभनीय हरकतें करता था। आरोप है कि एक बार वह उसके कमरे में घुस आया और जबरदस्ती करने का प्रयास किया। महिला ने किसी तरह वहां से निकलकर अपनी इज्जत बचाई।पीड़िता का कहना है कि जब उसने इस घटना की जानकारी अपने पति को दी तो उन्होंने कार्रवाई करने के बजाय शिकायत न करने की सलाह दी और मामले को दबाने का प्रयास किया।
समझौते के प्रयास भी रहे विफल
विवाहिता के अनुसार, लगातार हो रहे उत्पीड़न से परेशान होकर उसने अपने भाइयों और मायके पक्ष के अन्य लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया गया। पीड़िता का आरोप है कि उसके मायके पक्ष ने एक लाख रुपये भी दिए, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला और प्रताड़ना जारी रही।
15 लाख की मांग पूरी न होने पर घर से निकाला
पीड़िता ने आरोप लगाया कि 21 अप्रैल 2026 को उसके पति ने उसके साथ मारपीट की और 15 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर घर से निकाल देने की धमकी दी। इसके बाद उसे मायके पक्ष के लोगों के सामने ही घर से बाहर निकाल दिया गया।महिला का आरोप है कि उसका स्त्रीधन भी ससुराल पक्ष ने अपने कब्जे में रखा हुआ है और उसे वापस नहीं किया गया। साथ ही पति ने अपनी पुलिस नौकरी का रौब दिखाते हुए उसे और उसके परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी दी।
महिला थाना पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला थाना हापुड़ पुलिस ने पति प्रदीप कुमार, सास उषा देवी तथा देवर हरेंद्र, दीपक और हिमांशु उर्फ छोटू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
SP बोले- जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।