Hapur News: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, हेलमेट पहने साले को भी आई गंभीर चोटें
Hapur News: हापुड़ के ततारपुर अंडरपास में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि हेलमेट पहने साले को गंभीर चोटें आईं।
Hapur News(Photo-Social Media)
Hapur News: थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 के ततारपुर अंडरपास के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साला गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब दोनों जिम करने के बाद बाइक में पेट्रोल डलवाने के लिए ततारपुर पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। आरोप है कि रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
रॉन्ग साइड से आए ट्रक ने मारी टक्कर
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम छपकौली निवासी नीरज ने हापुड़ देहात थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 अगस्त को उसका पुत्र लक्षित अपने मामा के बेटे वंश के साथ बाइक से जा रहा था। दोनों जिम करने के बाद बाइक में पेट्रोल डलवाने के लिए ततारपुर पेट्रोल पंप की ओर निकले थे।बाइक वंश चला रहा था, जबकि लक्षित पीछे बैठा हुआ था। जैसे ही दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग-9 के नीचे बने ततारपुर अंडरपास को पार कर रहे थे, तभी रॉन्ग साइड से सर्विस रोड पर आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त कि टूट गया हेलमेट
हादसे में बाइक चला रहे वंश को भी गंभीर चोटें आईं। टक्कर के दौरान उसके सिर पर पहना हेलमेट तक टूट गया। उसके पैर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभालने का प्रयास किया।
वहीं, लक्षित सड़क पर गिर गया और ट्रक का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
अस्पताल में भर्ती कराया गया घायल
हादसे में घायल वंश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की।
ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं तथा जल्द ही उसे गिरफ्तार किया
जाएगा।
रॉन्ग साइड में ट्रक की आवाजाही बनी हादसे की वजह
ततारपुर अंडरपास के पास हुए इस हादसे ने एक बार फिर रॉन्ग साइड वाहन चलाने के खतरे को सामने ला दिया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और ट्रक चालक की भूमिका की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना में एक परिवार ने अपना जवान बेटा खो दिया, जबकि दूसरा युवक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।