Hapur News: 15 दिन की नवजात की मां को जलाकर मार डालने का आरोप; ससुर हिरासत में
Hapur News: तहरीर के अनुसार प्रिंस ने बताया कि उसकी बहन प्राची की शादी वर्ष 2024 में थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के मोहल्ला भीमनगर निवासी दीपू के साथ हुई थी। ससुराल ने जलाकर मार दिया।
Hapur News (Social Media)
Hapur News: जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत होने का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी बेटी को पहले बेरहमी से पीटा गया और फिर उस पर थिनर डालकर आग लगा दी गई। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद से ही हो रहा था उत्पीड़न
पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार थाना धौलाना क्षेत्र निवासी प्रिंस ने बताया कि उसकी बहन प्राची की शादी वर्ष 2024 में थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के मोहल्ला भीमनगर निवासी दीपू के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही प्राची को दहेज और अन्य बातों को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार का कहना है कि कई बार समझाने के बावजूद ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला।
मारपीट के बाद लगाई गई आग, बहन ने खुद बताई आपबीती
मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे प्राची ने अपने मायके फोन कर बताया कि उसके साथ मारपीट की जा रही है। इसके कुछ ही देर बाद करीब सात बजे ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर सूचना दी गई कि प्राची ने खुद को आग लगा ली है और उसे हापुड़ के एक निजी अस्पताल ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे दिल्ली के एक बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
“भैय्या, उन्होंने मुझे जलाया…” – अस्पताल में लगाया आरोप
प्रिंस का कहना है कि जब वह दिल्ली के अस्पताल में अपनी बहन से मिला तो उसने खुद बताया कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर ससुराल पक्ष के लोगों ने उस पर थिनर डालकर आग लगा दी।बुधवार दोपहर इलाज के दौरान प्राची ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
15 दिन की मासूम से छिनी मां की ममता
इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि प्राची ने महज 15 दिन पहले ही एक बेटी को जन्म दिया था। परिवार को उम्मीद थी कि बच्ची के जन्म के बाद ससुराल पक्ष का रवैया सुधर जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।अब इस मासूम बच्ची के सिर से मां का साया उठ चुका है, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और आसपास के इलाके में भी इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई, ससुर हिरासत में
मामले में मायके पक्ष ने थाने में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला के ससुर वीरपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।