Hardoi News : भरावन अस्पताल के उच्चीकरण की मांग, उपमुख्यमंत्री से मिले राणा बेनी माधव सिंह

Hardoi News: भरावन अस्पताल के उच्चीकरण की मांग लेकर समाजसेवी राणा बेनी माधव सिंह ने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

Update:2026-06-16 13:57 IST

Hardoi Bharawan Hospital News

Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद के संडीला विधानसभा क्षेत्र के भरावन इलाके में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग एक बार फिर प्रमुखता से उठाई गई है। क्षेत्र के समाजसेवी एवं ग्राम जगसरा निवासी राणा बेनी माधव सिंह (आशीष) ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक से मुलाकात कर भरावन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के विस्तार और उच्चीकरण की मांग रखी।

लखनऊ में हुई इस मुलाकात के दौरान राणा बेनी माधव सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री को एक ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि भरावन क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के दर्जनों गांवों की बड़ी आबादी स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर है। वर्तमान व्यवस्था में संसाधनों की कमी और विशेषज्ञ चिकित्सकों के अभाव के कारण गंभीर रोगियों को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ एवं अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे ग्रामीण परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है और समय पर उपचार न मिलने की समस्या भी सामने आती है।

उन्होंने कहा कि यदि भरावन अस्पताल का उच्चीकरण कर उसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए तो क्षेत्र के हजारों लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। ज्ञापन में अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती, अत्याधुनिक जांच उपकरण, पर्याप्त बेड की व्यवस्था, इमरजेंसी सेवाओं को मजबूत करने, ऑक्सीजन सुविधा बढ़ाने तथा अन्य आवश्यक चिकित्सा संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की गई।

राणा बेनी माधव सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है। उनका मानना है कि गांवों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों में भटकना न पड़े, इसके लिए स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं को शासन तक पहुंचाना उनका सामाजिक दायित्व है और वह आगे भी क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहेंगे।मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ज्ञापन प्राप्त करते हुए विषय पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। क्षेत्रीय लोगों को उम्मीद है कि सरकार की ओर से इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे, जिससे भरावन क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।

Tags:    

Similar News