आरक्षण सुधार के बीच भाजपा नेता की पोस्ट से सियासी हलचल, सांसद-विधायकों के बच्चों पर उठाया सवाल

Hardoi News: आरक्षण सुधार की मांग के बीच हरदोई भाजपा नेता आदर्श दीपक मिश्रा की सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में है। उन्होंने सांसदों, विधायकों और अफसरों की संतानों को आरक्षण के दायरे से बाहर करने पर लोगों की राय पूछी है।

Update:2026-08-24 17:00 IST

Hardoi News

Hardoi News: जंतर-मंतर पर स्वर्ण समाज की ओर से आरक्षण में सुधार की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शन के बीच हरदोई से भाजपा नेता और अधिवक्ता आदर्श दीपक मिश्रा की सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक चर्चाओं को एक बार फिर तेज कर दिया है। उनकी पोस्ट में आरक्षण व्यवस्था में बदलाव को लेकर सीधे तौर पर एक सवाल खड़ा किया गया है।दरअसल, जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने हर्ष दुबे से मुलाकात कर बातचीत की थी। बताया गया कि वार्ता के दौरान उन्होंने मामले को केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाने की बात कही थी। इसके बाद अब हरदोई के भाजपा नेता आदर्श दीपक मिश्रा की सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा का विषय बन गई है।

इस मुद्दे को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं

आदर्श दीपक मिश्रा ने अपनी पोस्ट में लिखा, “सांसदों, विधायकों और अफसरों की संतानों को आरक्षण के दायरे से बाहर किया जाना चाहिए! क्या आप इस विचार से सहमत हैं!!” पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।भाजपा नेता की इस टिप्पणी को जंतर-मंतर पर चल रहे आरक्षण सुधार आंदोलन से जोड़कर देखा जा रहा है।

समर्थक इसे आरक्षण के लाभ को जरूरतमंद वर्ग तक सीमित करने की दिशा में उठाया गया सवाल बता रहे हैं, जबकि इस तरह के बदलाव को लेकर अलग-अलग राजनीतिक और सामाजिक राय भी सामने आ सकती है।आरक्षण व्यवस्था लंबे समय से देश में राजनीतिक और सामाजिक बहस का अहम विषय रही है। ऐसे में भाजपा नेता की पोस्ट ने हरदोई के राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा बढ़ा दी है। खास बात यह है कि यह टिप्पणी ऐसे समय सामने आई है, जब आरक्षण सुधार को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन और नेताओं के बीच बातचीत का दौर चल रहा है।अब देखना होगा कि इस पोस्ट पर पार्टी के स्थानीय और प्रदेश स्तर के नेताओं की क्या प्रतिक्रिया सामने आती है और आरक्षण सुधार की मांग को लेकर आगे की राजनीतिक दिशा क्या रहती है।

Tags:    

Similar News