Hardoi News: शिक्षक के खाते में आए 2 हजार, फिर गायब हुए 1.86 लाख, साइबर ठगी से हड़कंप

Hardoi News: हरदोई में साइबर ठगों ने शिक्षक के खातों से 1.86 लाख रुपये उड़ाए, 1930 पर शिकायत के बाद शहर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

Update:2026-08-14 10:52 IST

Hardoi Cyber Fraud

Hardoi News: हरदोई के शाहाबाद में तैनात प्रतापगढ़ निवासी सहायक अध्यापक साइबर ठगी का शिकार हो गए। जालसाजों ने शिक्षक के बैंक खातों से अलग-अलग माध्यमों से कुल 1,86,362 रुपये निकाल लिए। रकम निकलने की जानकारी होने पर शिक्षक ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की। मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित शिक्षक कुलदीप पाण्डेय बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उनका बैंक ऑफ बड़ौदा में खाता है। आरोप है कि दो अगस्त को दोपहर करीब 12:47 बजे उनके खाते से यूपीआई के जरिए 97,888 रुपये गुरमेज सिंह नामक व्यक्ति की यूपीआई आईडी पर भेज दिए गए। शिक्षक को जब तक खाते से रकम निकलने की जानकारी हुई, तब तक ठगों ने रकम को इधर-उधर करना शुरू कर दिया था।

90 हजार रुपये प्रतापगढ़ के लीलापुर स्थित दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए

अगले दिन तीन अगस्त को उनके खाते में जाधव प्रशांत सुभाष नाम से एक-एक हजार रुपये की दो रकम जमा हुईं। इसके बाद उसी खाते से 90 हजार रुपये प्रतापगढ़ के लीलापुर स्थित दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए। वहां से भी रकम को अलग-अलग यूपीआई लेनदेन के जरिए निकाल लिया गया।पुलिस के अनुसार, 15,119 रुपये, 35,244 रुपये और 38,111 रुपये की तीन अलग-अलग किस्तों में कुल 88,474 रुपये मोहम्मद औरशद खान नामक व्यक्ति की यूपीआई आईडी पर भेजे गए। सभी लेनदेन को जोड़ने पर शिक्षक को 1,86,362 रुपये का नुकसान हुआ।खाते में संदिग्ध लेनदेन का पता चलने के बाद शिक्षक ने बिना देर किए साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।

इसके बाद उन्होंने शहर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मामले की जांच साइबर सेल की मदद से की जा रही है। जिन खातों और यूपीआई आईडी में रकम गई है, उनके बारे में बैंक से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि लेनदेन की कड़ियां जोड़कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Tags:    

Similar News