Hardoi News: धूप से बचने को भटक रहे यात्री, हरदोई स्टेशन पर टीन शेड विस्तार फाइलों में कैद

Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकास कार्य जारी हैं, लेकिन प्लेटफार्म संख्या 2 और 3 पर टीन शेड विस्तार की मांग अब भी पूरी नहीं हुई है।

Update:2026-06-20 17:16 IST

Hardoi News

Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करोड़ों रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विकास का कार्य जारी है। स्टेशन का स्वरूप बदलने के लिए कई निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, लेकिन यात्रियों की सबसे महत्वपूर्ण मांगों में शामिल प्लेटफार्म संख्या दो और तीन पर टीन शेड विस्तार का मामला अब भी अधूरा दिखाई दे रहा है। 

इससे यात्रियों में निराशा और नाराजगी दोनों देखने को मिल रही हैं।लंबे समय से रेल यात्री प्लेटफार्म संख्या दो और तीन पर टीन शेड बढ़ाने की मांग कर रहे थे। यात्रियों को उम्मीद थी कि अमृत भारत योजना के अंतर्गत इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। जानकारी के अनुसार टीन शेड विस्तार का प्रस्ताव प्रारंभिक योजनाओं में शामिल भी था, लेकिन बाद में इसे कार्य सूची से हटा दिया गया। इसके स्थान पर पुराने टीन शेड की केवल मरम्मत और रंग-रोगन कर दिया गया।

भीषण गर्मी के इस मौसम में इसका असर साफ दिखाई दे रहा है। दोपहर के समय जब तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच जाता है, तब राज्यरानी एक्सप्रेस, त्रिवेणी एक्सप्रेस, सियालदह एक्सप्रेस और अवध आसाम एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों का इंतजार कर रहे यात्रियों को छांव के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है।हाल ही में स्टेशन पर ऐसा ही दृश्य देखने को मिला, जब प्लेटफार्म पर मौजूद छोटे से टीन शेड के नीचे बड़ी संख्या में यात्री धूप से बचने के लिए खड़े दिखाई दिए। कई यात्रियों ने नए फुट ओवरब्रिज के नीचे शरण लेकर गर्मी से राहत पाने का प्रयास किया। 

नए फुट ओवरब्रिज से लखनऊ दिशा की ओर प्लेटफार्म का बड़ा हिस्सा आज भी बिना पर्याप्त छाजन के है, जिससे यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।स्थानीय लोगों और नियमित रेल यात्रियों का कहना है कि स्टेशन के आधुनिकीकरण का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब यात्रियों की मूलभूत जरूरतों को प्राथमिकता दी जाए। टीन शेड विस्तार की मांग कई बार उठाई जा चुकी है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर यात्रियों की सुविधा से जुड़ी इस महत्वपूर्ण मांग को कब पूरा किया जाएगा।

Tags:    

Similar News