Hathras News: पैसे के लेनदेन के विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, उपचार के दौरान हुई मौत
Hathras News: हाथरस में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में युवक को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Hathras News(Photo-Social Media)
Hathras News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में रुपयों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। कोतवाली सदर क्षेत्र के मथुरा रोड स्थित डाकखाने वाली गली में कार सवार युवकों ने एक सेनेटरी कारोबारी को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले हाथरस के एक निजी अस्पताल और बाद में अलीगढ़ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। वहीं पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।
बातचीत के बहाने घर से साथ ले गए थे आरोपी
जानकारी के अनुसार अलीगढ़ जनपद के थाना इगलास क्षेत्र के गांव असरोई निवासी 42 वर्षीय सुनील पुत्र जगवीर सिंह वर्तमान में कस्बा मुरसान में रहकर सेनेटरी का कारोबार करते थे। शनिवार रात करीब नौ बजे अजय निवासी इगलास, सुखवीर फौजी निवासी नगला भाऊ और चेतन उर्फ कुंदन निवासी रहना कार से सुनील के घर पहुंचे। बताया गया है कि अजय सोलर पैनल का काम करता है और सुनील पर उसके कुछ रुपये बकाया थे। आरोप है कि तीनों युवक बातचीत करने के बहाने सुनील को अपने साथ कार में बैठाकर हाथरस ले गए।
हाथरस पहुंचने पर मारपीट के बाद मारी गोली
बताया जा रहा है कि सभी लोग कार से हाथरस पहुंचे। यहां रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कार सवार युवकों ने पहले सुनील के साथ हाथापाई की और बाद में उसे गोली मार दी। गोली लगने के बाद घायल सुनील ने अपने मथुरा निवासी साले मानवेंद्र सिंह को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई और परिजन तत्काल उसके पास पहुंचने के लिए रवाना हो गए।
अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में हुई मौत
घायल सुनील को पहले हाथरस के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया। अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल से भी उसे मेडिकल कॉलेज भेजा गया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग अलीगढ़ पहुंच गए। बताया जा रहा है कि सुनील को मेडिकल कॉलेज में छोड़ने के बाद उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
एक आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस रामानंद कुशवाहा ने बताया कि मृतक और आरोपियों के बीच रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद था। युवक की मौत अलीगढ़ में हुई है जबकि घटना स्थल शहर की डाकखाने वाली गली है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन छानबीन कर रही है।