असद का एनकाउंटर करो वरना..., Surya Chauhan Murder Case में हिंदू संगठनों का अल्टीमेटम

Ghaziabad Surya Murder Case: खोड़ा इलाके में 11वीं कक्षा के छात्र सूर्या चौहान की हत्या के मामले ने पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल पैदा कर दिया है।

Update:2026-05-30 14:12 IST

Ghaziabad Surya Murder Case

Surya Chauhan Murder Case:  गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में 11वीं कक्षा के छात्र सूर्या चौहान की हत्या के मामले ने पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल पैदा कर दिया है। घटना के बाद परिजनों, स्थानीय लोगों और विभिन्न हिंदू संगठनों में गहरी नाराजगी देखने को मिल रही है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी और उसके कुछ परिजन अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

बकरीद के दिन परिचित युवक ने बुलाया था

जानकारी के अनुसार सूर्या चौहान अपने परिवार के साथ खोड़ा की नवनीत विहार कॉलोनी में रहता था और 11वीं कक्षा का छात्र था। परिजनों का आरोप है कि बकरीद के दिन उसे एक परिचित युवक ने अपने घर बुलाया था। वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ और बाद में उस पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल सूर्या को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज की भी पुलिस जांच कर रही है। फुटेज में कथित तौर पर कुछ युवकों और सूर्या के बीच बहस होती दिखाई दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो सहित सभी डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को किया गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। वहीं मुख्य आरोपी की तलाश में कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। घटना के बाद विभिन्न हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं। कई संगठनों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और सभी आरोपियों को कानून के अनुसार सख्त सजा मिले। बढ़ते विरोध को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

परिवार ने की एनकाउंटर की मांग

मृतक के परिवार ने भी न्याय की मांग की है। सूर्या की मां ने कहा कि उनके बेटे की हत्या ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है। परिवार ने कहा कि जब तक असद का एनकाउंटर नहीं किया जाएगा, तब तक अंतिम संस्कार नहीं होगा। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी मामले की शीघ्र जांच और न्याय की मांग दोहराई है। घटना के बाद कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के सदस्य पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। सभी ने परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है। वहीं प्रशासन लगातार लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील कर रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच पूरी गंभीरता और निष्पक्षता के साथ की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का दावा है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।  

Tags:    

Similar News