Jalaun News : जालौन में छत से घुसकर महिला से छेड़छाड़, विरोध पर पति पर सरिया से हमला
Jalaun News : जालौन में छत से घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़, विरोध पर पति पर सरिया से हमला, आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी
Jalaun Crime News
Jalaun News : थाना रामपुरा क्षेत्र के ग्राम बहराई में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां छत के रास्ते घर में घुसे युवक ने महिला के साथ छेड़छाड़ की कोशिश की। विरोध करने पर महिला के पति पर सरिया से हमला कर दिया गया। घटना के दौरान फायरिंग और जान से मारने की धमकी देने के बाद आरोपी अपने साथियों सहित फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 की रात करीब 2 बजे गांव निवासी आलोक पुत्र स्व. छोटे सिंह अपने दो अज्ञात साथियों के साथ पीड़िता के घर में घुस आया। आरोप है कि उसने महिला को बुरी नीयत से पकड़ लिया। महिला के शोर मचाने पर उसका पति सुनील कुमार मौके पर पहुंचा और पत्नी को बचाने का प्रयास किया।
इस दौरान आरोपी ने सरिया से हमला कर दिया, जिससे सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों के मुताबिक हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।
पीड़िता की तहरीर पर थाना रामपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घायल सुनील कुमार का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक रजत कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।