Jhansi News: देवरा में बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों में आक्रोश

Jhansi News: Jhansi News: देवरा में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।

Update:2026-06-25 14:30 IST

Jhansi News(Photo-Social Media)

Jhansi News: थाना चिरगांव क्षेत्र के ग्राम देवरा में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अराजक तत्वों द्वारा कथित रूप से क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, पुरुष, बच्चे, भीम आर्मी एवं समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौके पर एकत्र हो गए।

ग्रामीणों ने बताया कि सुबह घटना की सूचना ग्राम प्रधान को दे दी गई थी, लेकिन उनके देर से पहुंचने पर लोगों ने नाराजगी व्यक्त की। ग्रामीणों का कहना था कि गांव की समस्याओं और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई को लेकर भी कई बार शिकायत की जा चुकी है। इस दौरान ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान से गांव में कचरा निस्तारण और अन्य मूलभूत समस्याओं को लेकर भी सवाल उठाए।

घटना की सूचना मिलते ही co असमा मोंठ तहसीलदार मोंठ थाना प्रभारी राहुल राठौर, एसएसआई आनंद सिंह सहित चिरगांव थाना पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ समय पूर्व ग्राम करगवां में भी बाबा साहेब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना हुई थी, लेकिन उस मामले में अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। ऐसे में देवरा की घटना से लोगों में और अधिक नाराजगी देखी गई।

मौके पर मौजूद भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष झांसी राघवेंद्र सिंह, रवि आजाद सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित कराने तथा बाबा साहेब अंबेडकर के नाम दर्ज भूमि का निष्पक्ष सत्यापन कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास हैं, जिन्हें किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। घटनास्थल पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई किए जाने की बात कही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में सामाजिक तनाव बढ़ सकता है।

Tags:    

Similar News