Jhansi News: झाँसी स्टेशन महोत्सव में दिखी रेल इतिहास और बुंदेली संस्कृति की भव्य झलक
Jhansi News: झाँसी मंडल की स्थापना के 75 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने पर प्लेटिनम जयंती और वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी स्टेशन के 137 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भव्य स्टेशन महोत्सव आयोजित किया गया।
Jhansi News: उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मंडल की स्थापना के 75 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाई जा रही प्लेटिनम जयंती तथा वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी स्टेशन के 137 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा के विशेष अवसर पर आज वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी स्टेशन परिसर में भव्य स्टेशन महोत्सव का आयोजन किया गया। यह आयोजन भारतीय रेल की समृद्ध विरासत, ऐतिहासिक उपलब्धियों, विकास यात्रा और भविष्य की संभावनाओं को उत्सव के रूप में प्रस्तुत करने का विशेष अवसर रहा। 75 वर्षों में झाँसी मंडल ने रेल परिचालन, यात्री सुविधाओं, संरक्षा एवं आधारभूत संरचना के विकास के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण पड़ाव तय किए हैं, वहीं 137 वर्षों से वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी स्टेशन क्षेत्र की ऐतिहासिक, सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी स्टेशन तक फ्लैग मार्च के साथ हुआ। मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व में निकाली गई यात्रा में शाखा अधिकारी, स्कूली बच्चों, स्काउट एवं गाइड के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। स्टेशन के प्रवेश द्वार पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने रिबन काटकर स्टेशन महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने स्टेशन परिसर में आयोजित फोटो प्रदर्शनी एवं विंटेज प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी के माध्यम से झाँसी मंडल की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी स्टेशन की 137 वर्षों की ऐतिहासिक विरासत तथा भारतीय रेल के विकास के विभिन्न महत्वपूर्ण पड़ावों को प्रदर्शित किया गया।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं गणेश वंदना की प्रस्तुति के साथ हुआ। इस अवसर पर झाँसी मंडल की ऐतिहासिक यात्रा, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों पर आधारित विशेष लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। समारोह के प्रमुख आकर्षणों में झाँसी मंडल की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा एवं ऐतिहासिक उपलब्धियों को संकलित करते हुए तैयार की गई विशेष स्मारिका 'विरासत स्मारिका' का विमोचन रहा। स्मारिका में मंडल की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, रेल विरासत, महत्वपूर्ण उपलब्धियों एवं विकास यात्रा को समाहित किया गया है।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि झाँसी मंडल की प्लेटिनम जयंती और वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी स्टेशन के 137 वर्ष पूर्ण होना हम सभी के लिए गौरव एवं हर्ष का विषय है। ये दोनों पड़ाव भारतीय रेल की समृद्ध विरासत, समर्पण और निरंतर प्रगति की कहानी को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि झाँसी मंडल ने अपने 75 वर्षों के सफर में संरक्षा, यात्री सुविधाओं, परिचालन दक्षता एवं आधारभूत संरचना के विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की हैं। इस यात्रा में पूर्व एवं वर्तमान रेलकर्मियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि झाँसी मंडल भविष्य में भी आधुनिक तकनीक, बेहतर यात्री सुविधाओं और सुरक्षित रेल परिचालन के माध्यम से नई उपलब्धियाँ हासिल करता रहेगा।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार द्वारा झांसी एवं भारतीय रेल के विकास में अहम भूमिका निभाने वाले गणमान्य नागरिकों को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वालों में स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी के परिजन ए० के० हिंगवासिया, आदित्य नारायण दुबे एवं वरिष्ठ रेलवे पेंशनर श ओ० एस० भटनागर Ex CCRI मंडल अध्यक्ष पेशन एसोसियेशन ऑफ रेलवे, आर० के० दिवगईया Ex. CRS एवं रामपाल Ex CCL शामिल रहे।समारोह में बुंदेलखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति की मनमोहक झलक भी देखने को मिली। लोक कलाकार निशांत भदौरिया तथा अन्य कलाकारों द्वारा पारंपरिक बुंदेली 'राई' नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्होंने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर माउंट लिटरा स्कूल के विद्यार्थियों के बैंड द्वारा संगीतमय प्रस्तुतियाँ दी गईं। इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह, उमंग और उल्लास का वातावरण बनाया।समारोह में अतिथियों, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली बच्चों, कलाकारों ने कार्यक्रम को सफल बनाया।झाँसी मंडल की प्लेटिनम जयंती एवं वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी स्टेशन के 137 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित यह स्टेशन महोत्सव अतीत की गौरवशाली विरासत को स्मरण करने, वर्तमान की उपलब्धियों को रेखांकित करने और भविष्य की विकास यात्रा के प्रति नए संकल्प के साथ आगे बढ़ने का अवसर बना। 75 वर्षों का गौरव और 137 वर्षों की विरासत झाँसी की रेल पहचान को एक नई गरिमा प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर मुख्य कारखाना प्रबंधक वैगन मरम्मत कारखाना अजय श्रीवास्तव, मुख्य कारखाना प्रबंधक RCNK और CMLR शबी के पाण्डेय, अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन नंदीश शुक्ल,वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक फ्रेट नीरज भटनागर, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक सत्य साधन सिंह, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर गौरव, जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह, सहायक कार्मिक अधिकारी आदेश कुमार मिश्रा, सहायक कार्मिक अधिकारी अशोक कुमार मीना उपस्थित रहे Iकार्यक्रम के सफल आयोजन में मुख्य प्रचार निरीक्षक प्रदीप सुड़ेले, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक राघवेंद्र कुशवाहा, वरिष्ठ प्रचार निरीक्षक प्रमोद मिश्रा, शाश्वत सिंह द्वारा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।