झांसी: कान्हा उपवन गोशाला बनी मॉडल, गौ परिक्रमा पथ और वैदिक कृषि पद्धति बनी आकर्षण
Jhansi News: झांसी के बिजौली स्थित कान्हा उपवन गोशाला में बना गौ परिक्रमा पथ, विद्यार्थियों को दिखाया जा रहा वैदिक कालीन और गो-आधारित खेती का मॉडल।
Jhansi Gau Parikrama Path News
Jhansi News: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार गोशालाओं को गोवंश संरक्षण के साथ ही उन्हें मॉडल के रूप में विकसित करने पर भी जोर दे रही है। झांसी के बिजौली में स्थित नगर निगम के कान्हा उपवन गोशाला में कई अभिनव प्रयास किये गये हैं, जिनमें से सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र है यहां बना गौ परिक्रमा पथ। इसके माध्यम से भारत के ग्रामीण क्षेत्रों की कृषि परंपराओं और उनमें गोवंश की उपयोगिता को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है। यहां निरंतर स्कूली विद्यार्थियों को आमंत्रित कर उन्हें प्राचीन भारतीय कृषि पद्धति और उसमें गोवंश के महत्व की जानकारी दी जाती है।
कान्हा उपवन में गौ परिक्रमा पथ विकसित किया गया है। पारंपरिक वैदिक कालीन संस्कृति एवं कृषि पद्धतियों को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से यहां बैलों द्वारा संचालित कोल्हू तथा कुएँ से पानी निकालने के लिए पारंपरिक रहट जैसी व्यवस्थाओं को स्थापित किया गया है। इन व्यवस्थाओं के माध्यम से भारतीय वैदिक कालीन परंपराओं, पशुधन के महत्व एवं प्राकृतिक संसाधनों के पारंपरिक उपयोग को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
झांसी नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि इस कान्हा उपवन गोशाला को गौ पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां विभिन्न अभिनव गतिविधियों के संचालन के साथ ही गोवंश आधारित कृषि के परम्परागत भारतीय मॉडल को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया है। यहां स्कूली विद्यार्थियों का भ्रमण कराकर उन्हें गोवंश के महत्व से परिचित कराया जाता है।