Kannauj News: नागरिक सुरक्षा कोर ने तबीयत बिगड़ने पर दिलवाई बुजुर्ग महिला को प्राथमिक चिकित्सा

Kannauj News: कन्नौज के मेंहदी घाट पर गुरु पूर्णिमा स्नान मेले के दौरान तबीयत बिगड़ने पर नागरिक सुरक्षा कोर ने बुजुर्ग महिला को तत्काल प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की तत्परता से महिला को सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाया गया।

Update:2026-07-29 15:39 IST

Kannauj News(Photo-Social Media)

Kannauj News: गुरु पूर्णिमा स्नान मेले के अवसर पर मुख्य गंगा तट मेंहदी घाट पर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात नागरिक सुरक्षा कोर ने पूरे मेले के दौरान मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। इसी दौरान एक बुजुर्ग महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने पर टीम ने त्वरित प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई, जिससे समय रहते उन्हें स्वास्थ्य लाभ मिल सका।

गंगा स्नान के बाद बिगड़ी महिला की तबीयत

जानकारी के अनुसार, हरदोई जिले के बखरिया मगरहा राघोपुर निवासी सावित्री देवी पत्नी श्यामलाल पाल गंगा स्नान कर लौट रही थीं। मेंहदी घाट पुल के पास तेज गर्मी और उमस के कारण उन्हें चक्कर आ गया और ब्लड प्रेशर की शिकायत होने लगी।

नागरिक सुरक्षा कोर ने दिखाई तत्परता

मौके पर मौजूद नागरिक सुरक्षा कोर-3 के पोस्ट वार्डन विकास कुशवाहा एडवोकेट अपनी टीम के साथ तत्काल महिला की सहायता के लिए पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग की टीम से उनका ब्लड प्रेशर चेक कराया गया तथा उन्हें ओआरएस का घोल और आवश्यक दवा उपलब्ध कराई गई। समय पर मिले उपचार से महिला की तबीयत में सुधार हो गया।

बीडीओ ने परिजनों तक सुरक्षित पहुंचाया

महिला के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उनके साथ आई महिलाओं की मौजूदगी में खंड विकास अधिकारी (सदर) दिनेश चंद्र ने मानवीय पहल करते हुए अपने वाहन से उन्हें हरदोई सीमा स्थित खेड़े तक पहुंचाया, जहां उनके परिजन और रिश्तेदार मौजूद थे। इसके बाद महिला को सुरक्षित घर के लिए रवाना किया गया।

पूरे मेले में सुरक्षा व्यवस्था पर रखी नजर

गुरु पूर्णिमा मेले के दौरान नागरिक सुरक्षा कोर-3 के पोस्ट वार्डन विकास कुशवाहा एडवोकेट, वार्डन ऋषभदेव चतुर्वेदी, कृष्ण बिहारी तिवारी, अनूप सिंह ठाकुर और धर्मेंद्र राजपूत लगातार विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे तथा श्रद्धालुओं की सहायता के लिए सक्रिय रहे।

Tags:    

Similar News