Kanpur Dehat News: कानपुर देहात में घर में घुसकर मारपीट, 9 आरोपियों पर केस दर्ज
Kanpur Dehat News: मंगलपुर क्षेत्र में घर में घुसकर मारपीट और धमकी देने का आरोप, 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज। घटना के बाद आरोपियों के भागने का वीडियो वायरल हुआ।
कानपुर देहात में घर में घुसकर मारपीट, 9 आरोपियों पर केस दर्ज (Photo- Newstrack)
Kanpur Dehat News: कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र में घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में 7 नामजद और दो अज्ञात समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी मारपीट के बाद भागते हुए दिख रहे हैं।
द्वारिका गंज झींझक निवासी सतेन्द्र कुमार गुप्ता पुत्र स्वर्गीय शिवकुमार गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 9 जून को सुबह करीब 11:10 बजे आशुतोष उर्फ हैदर अग्निहोत्री, अनुज उर्फ गोलू अग्निहोत्री, योगेन्द्र पाल उर्फ बंडी, दीपू पाल, गोलू कुशवाहा, ब्रजेश यादव, शिवजी यादव समेत अन्य लोग उनके घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने घर में घुसकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
जब सतेन्द्र कुमार गुप्ता, उनके भाई रोहित गुप्ता और पुत्र सजल गुप्ता ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में तीनों को चोटें आईं। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित सतेन्द्र कुमार गुप्ता ने पुलिस से चिकित्सीय परीक्षण कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। बताया जा रहा है कि यह वीडियो मारपीट के बाद हाथ में डंडा लिए आरोपियों के भागने के दौरान किसी ने बनाया था। थाना पुलिस ने गुरुवार को बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।