Kanpur News: छेड़छाड़ के विरोध में घायल बुजुर्ग की मौत, शव पहुंचते ही परिजनों का हंगामा

Kanpur News: कानपुर देहात के जाफरपुर गांव में छेड़छाड़ के विरोध पर हुए विवाद में घायल 65 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। शव पहुंचने पर परिजनों ने हंगामा कर पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया।

Update:2026-08-08 21:05 IST

Kanpur News

Kanpur News: अमरहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत जाफरपुर गांव में मनचले युवक की हरकत का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। 13 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ गांव के ही एक युवक द्वारा की गई कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगों ने परिजनों पर हमला बोल दिया। इस हमले में बीच-बचाव करने आए परिवार के 65 वर्षीय नेत्रहीन (सूरदास) धर्म सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पांचवें दिन हैलट अस्पताल में तोड़ा दम

घटना की सूचना पर नाबालिग के परिजनों ने घायल अवस्था में वृद्ध धर्म सिंह को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), सिकंदरा में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी चिंताजनक स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी हालत में सुधार न होने पर उन्हें कानपुर नगर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के पांचवें दिन वृद्ध ने दम तोड़ दिया।

पुलिस पर लापरवाही और मामले को रफा-दफा करने का आरोप

शनिवार को जैसे ही मृतक का शव जाफरपुर गांव पहुंचा, परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया और शव का अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया।परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने घटना की शुरुआत में ही घोर लापरवाही बरती और दबंगों से सांठगांठ कर मामूली धाराओं में मामला दर्ज करके पूरे प्रकरण को रफा-दफा करने का प्रयास किया।

परिजनों की प्रमुख मांगें

आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए।दर्ज मुकदमे में हत्या की धारा 302 जोड़ी जाए।दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी परिजनों को समझाकर शांत कराने और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन देकर अंतिम संस्कार कराने के प्रयास में जुटे हैं।

Tags:    

Similar News