कानपुर देहात में भीषण सड़क हादसा: तीर्थयात्रियों से भरी बस ट्रक में घुसी, 2 की दर्दनाक मौत, 22 घायल
Kanpur Dehat News: मेहंदीपुर बालाजी व सालासर धाम से लौट रही उन्नाव के तीर्थयात्रियों की बस NH-19 पर ट्रक से टकराई, चालक को झपकी आने से हुआ दर्दनाक हादसा।
Kanpur Sikandra Bus Accident News
Kanpur Dehat News: नेशनल हाईवे-19 पर आज एक बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धार्मिक यात्रा से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी एक टूर एंड ट्रेवल्स बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। इस भीषण टक्कर में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 22 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, उन्नाव के शुक्लागंज से करीब 30 श्रद्धालुओं को लेकर एक टूरिस्ट बस मेहंदीपुर बालाजी और सालासर धाम की धार्मिक यात्रा पर गई थी। दर्शन कर सभी श्रद्धालु आज वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही बस सिकंदरा थाना क्षेत्र के खोजाफूल (खोज फूल) के पास नेशनल हाईवे-19 पर पहुंची, बस चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। चालक के नियंत्रण खोते ही तेज रफ्तार बस सीधे आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
राहत और बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सिकंदरा पहुंचाया गया।
2 लोगों की मौत: हादसे में दो यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
10 की हालत नाजुक: प्राथमिक उपचार के बाद 10 यात्रियों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अकबरपुर रेफर कर दिया है।
12 का इलाज जारी: शेष 10 से 12 घायलों का उपचार सिकंदरा स्वास्थ्य केंद्र में ही चल रहा है।
अधिकारियों ने लिया जायजा
घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी (अपर पुलिस अधीक्षक) ने भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल का मुआयना किया और अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया गया है।