Kanpur News: सेवानिवृत्त वायुसेना कर्मी ने अवसाद में आकर खुद को मारी गोली, परिवार में मचा कोहराम
Kanpur News: परिवार में पत्नी रीना भदौरिया, बेटी कोमल और बेटा साहिल हैं। बेटी कोमल यूपीएससी की तैयारी कर रही है, जबकि साहिल भी अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटा है।
kanpur news
Kanpur News: नवाबगंज थानाक्षेत्र के रामकृपा स्टेट में उस समय सनसनी फैल गई जब एयरफोर्स से सेवानिवृत्त 48 वर्षीय हरेंद्र सिंह ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मूलरूप से फर्रुखाबाद जनपद के कंपिल के ग्राम बंगसनगर निवासी हरेंद्र वर्ष 2016 में एयरफोर्स से रिटायर हुए थे। वह बीते कुछ समय से परिवार सहित नवाबगंज में किराए के मकान में रह रहे थे।
परिवार में पत्नी रीना भदौरिया, बेटी कोमल और बेटा साहिल हैं। बेटी कोमल यूपीएससी की तैयारी कर रही है, जबकि साहिल भी अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटा है। पत्नी रीना ने पुलिस को बताया कि सेवानिवृत्त होने के बाद से हरेंद्र मानसिक तनाव में थे। हाल ही में वह एक माह से चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय (सीएसए) में गार्ड की नौकरी कर रहे थे।
पड़ोसियों के अनुसार, यह परिवार ज्यादा किसी से मेलजोल नहीं रखता था। घर से अचानक जोर-जोर से रोने की आवाजें सुनाई दीं, जिससे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। जब लोग घर के अंदर पहुंचे तो देखा कि हरेंद्र सिंह का शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा है और पास में ही उनकी लाइसेंसी बंदूक पड़ी थी। यह दृश्य देखकर परिजन और मोहल्लेवाले स्तब्ध रह गए। सूचना मिलते ही नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं थाना प्रभारी नवाबगंज ने बताया कि शुरुआती जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। मृतक लंबे समय से अवसादग्रस्त थे, जिसकी पुष्टि परिजन भी कर रहे हैं। पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।