Kaushambi News: कैंसर पीड़िता ने लेखपाल पर लगाया आरोप, घर में घुसकर की अभद्रता, CM से न्याय की गुहार

Kaushambi News: कौशाम्बी की कैंसर रोगी ने लेखपाल समेत लोगों पर घर में घुसकर अभद्रता और पूजा में बाधा डालने का आरोप लगाया। लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री से जांच व इलाज की मदद मांगी।

Update:2026-08-10 21:20 IST

 कैंसर पीड़िता ने लेखपाल पर लगाया आरोप, घर में घुसकर की अभद्रता, CM से न्याय की गुहार (Photo- Newstrack)

Kaushambi News: कौशाम्बी के टेवां गांव की रहने वाली कैंसर पीड़िता सावित्री देवी सोमवार को लखनऊ पहुंचीं और मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी शिकायत रखी। उन्होंने लेखपाल समेत कई लोगों पर घर में घुसकर गाली-गलौज और अभद्रता करने के साथ ही महामृत्युंजय यज्ञ को खंडित करने का आरोप लगाया। पीड़िता ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और अपने इलाज में मदद की गुहार लगाई है।

सावित्री देवी पत्नी राजेश पांडेय ने बताया कि वह कैंसर से पीड़ित हैं और मुंबई के टाटा मेमोरियल अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य लाभ की कामना को लेकर उनके घर में महामृत्युंजय यज्ञ कराया जा रहा था। पीड़िता का आरोप है कि तीन अगस्त को दोपहर करीब दो बजे लेखपाल बसंत लाल, शम्भूनाथ पुत्र नंदकिशोर, ओमप्रकाश और ओमदत्त उनके घर पहुंचे।

खाली जमीन के संबंध में पहुंचे थे लोग

सावित्री देवी के मुताबिक, उक्त लोग घर के पास खाली पड़ी जमीन के संबंध में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने उनके पति राजेश पांडेय के बारे में पूछताछ की। पीड़िता ने बताया कि उनकी सास ने पति के इलाज के लिए रुपये की व्यवस्था करने की बात कही थी। आरोप है कि इसके बाद लेखपाल पूजा स्थल में घुस गया और गाली-गलौज करने लगा।

पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर उनकी सास को धक्का दिया गया और घर में चल रहे महामृत्युंजय यज्ञ को भी खंडित कर दिया गया। सावित्री देवी ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर मुख्यमंत्री के सामने अपनी व्यथा रखी और मामले में कार्रवाई की मांग की।

फर्जी एससी-एसटी मुकदमा दर्ज कराने का भी आरोप

सावित्री देवी ने लेखपाल पर संस्कृति विद्यालय की भूमि समेत ग्रामसभा की जमीनों पर कथित कब्जे में मिलीभगत का आरोप भी लगाया है। इसके साथ ही उन्होंने अपने पति के खिलाफ फर्जी एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा लिखाए जाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि पति के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज होने से परिवार की परेशानी बढ़ गई है और उनके इलाज की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

एसपी और डीएम से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का दावा

पीड़िता ने बताया कि मामले को लेकर पूर्व में एसपी और डीएम को शिकायती पत्र दिया जा चुका है। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद अभी तक संबंधित लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इससे पीड़ित परिवार काफी आहत है और उन्हें न्याय के लिए लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री से गुहार लगानी पड़ी।

सावित्री देवी ने मुख्यमंत्री से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और कैंसर के इलाज में सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Tags:    

Similar News