Kaushambi: कौशाम्बी पुलिस की बड़ी कामयाबी, 22 लाख के 103 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए
Kaushambi News: कौशाम्बी पुलिस ने एसपी सत्यनारायण के निर्देशन में अभियान चलाकर 22 लाख रुपये कीमत के 103 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सर्विलांस और सीईआईआर पोर्टल की मदद से ट्रेस किए गए सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए गए।
Kaushambi News
Kaushambi News: जिले में गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने जिस गंभीरता और सक्रियता के साथ पुलिस टीमों को जिम्मेदारी सौंपी, उसका असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। एसपी के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की पुलिस टीमों ने अभियान चलाकर विभिन्न कंपनियों के कुल 103 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों की पहचान करने के बाद उन्हें वापस सौंप दिए।
एसपी सत्यनारायण के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में सर्विलांस और सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की तकनीकी मदद से पुलिस टीमों ने गुमशुदा मोबाइल फोन को ट्रेस किया। थानों पर तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरों और सीसीटीएनएस पुलिस टीमों ने मोबाइल से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण कर उनकी लोकेशन और उपयोग से संबंधित जानकारी जुटाई। इसके बाद अलग-अलग स्थानों से मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों तक पहुंचाए गए।
सराय अकिल पुलिस रही अव्वल, कोखराज और सैनी ने भी किया बेहतर प्रदर्शन
मोबाइल बरामदगी के मामले में थाना सराय अकिल पुलिस ने 15 मोबाइल बरामद कर जनपद में पहला स्थान हासिल किया। वहीं, थाना कोखराज 13 मोबाइल के साथ दूसरे और थाना सैनी 12 मोबाइल बरामद कर तीसरे स्थान पर रहा।इसके अलावा पश्चिम शरीरा से 10, चरवा से आठ, संदीपन घाट से आठ, मंझनपुर से आठ, करारी से छह, कड़ाधाम से छह, पिपरी से पांच, कौशाम्बी से चार, महेवाघाट से चार और मोहब्बतपुर पइंसा से चार मोबाइल बरामद किए गए।एसपी सत्यनारायण की इस पहल से उन लोगों को बड़ी राहत मिली है, जो मोबाइल खोने के बाद उसकी वापसी की उम्मीद छोड़ चुके थे। पुलिस की इस कार्रवाई से आमजन के बीच यह भरोसा मजबूत हुआ है कि गुमशुदा मोबाइल की शिकायत को गंभीरता से लेकर तकनीकी माध्यमों से उसका पता लगाया जा सकता है।
घर बैठे भी दर्ज करा सकते हैं शिकायत
पुलिस ने आमजन को जागरूक करते हुए बताया कि मोबाइल गुम होने पर सीईआईआर पोर्टल www.ceir.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसके अलावा संबंधित थाने में प्रार्थना पत्र देकर भी मोबाइल गुम होने की सूचना दी जा सकती है।सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइल को ब्लॉक करने और उसकी ट्रेसिंग में मदद मिलती है। एसपी सत्यनारायण के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई से एक बार फिर स्पष्ट हुआ है कि तकनीक और पुलिस की सक्रियता के बेहतर तालमेल से आम नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सकता है।