Kushinagar News: विवाद में एसडीएम के आदेश पर कार्रवाई, पैमाइश के बाद फरियादी को दिलाया कब्जा
Kushinagar News: कुशीनगर में भूमि विवाद मामले में एसडीएम के आदेश पर कार्रवाई की गई। पैमाइश के बाद फरियादी को जमीन पर कब्जा दिलाया गया।
Kushinagar News(Photo-Social Media)
Kushinagar News: कप्तानगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम तरकुलवा में लंबे समय से चल रहे भूमि विवाद का समाधान उपजिलाधिकारी आकांक्षा मिश्रा के हस्तक्षेप के बाद हो गया। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश कराई और अवरोध हटवाकर फरियादी को विधिवत कब्जा दिलाया। कार्रवाई के दौरान विरोध की स्थिति भी बनी, लेकिन अधिकारियों ने समझदारी और सूझबूझ से मामला शांत कराते हुए न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित कराया।
जानकारी के अनुसार, फरियादी ने उपजिलाधिकारी से शिकायत की थी कि धारा-24 के तहत उसकी भूमि की पैमाइश पहले ही हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद उसे अब तक वास्तविक कब्जा नहीं मिल पाया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी आकांक्षा मिश्रा ने तत्काल मामले की समीक्षा की और न्यायालय के पारित आदेश का हर हाल में अनुपालन कराने के निर्देश राजस्व विभाग को दिए।
निर्देश मिलते ही राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ ग्राम तरकुलवा पहुंची। अधिकारियों ने न्यायालय के आदेश के अनुरूप भूमि की दोबारा पैमाइश कर सीमांकन कराया। इस दौरान भूमि पर अवरोध के रूप में लगाए गए बांस की खोट को हटवाया गया, जिसके बाद संबंधित भूमि पर फरियादी को विधिवत कब्जा दिला दिया गया। कार्रवाई के दौरान विपक्षी पक्ष के कुछ लोग और महिलाएं मौके पर पहुंचकर विरोध जताने लगे। हालांकि राजस्व अधिकारियों ने सभी पक्षों को न्यायालय के आदेश की जानकारी देते हुए समझाया-बुझाया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। कब्जा मिलने के बाद फरियादी ने उपजिलाधिकारी और राजस्व विभाग की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की तत्परता और निष्पक्ष कार्रवाई से लंबे समय से चला आ रहा भूमि विवाद समाप्त हो गया है।