Lakhimpur Kheri News: CDO अभिषेक कुमार ने संभाली लिलौटी नाथ मंदिर विकास की कमान, दिए जरूरी निर्देश

Lakhimpur Kheri News: लिलौटी नाथ मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण, सफाई, सड़क चौड़ीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर सीडीओ अभिषेक कुमार ने अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

Update:2026-05-14 17:45 IST

CDO अभिषेक कुमार ने संभाली लिलौटी नाथ मंदिर विकास की कमान, दिए जरूरी निर्देश (Photo- Newstrack)

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी के प्रसिद्ध लिलौटी नाथ मंदिर का अब जल्द ही नया स्वरूप देखने को मिल सकता है। मंदिर परिसर के विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। गुरुवार को सीडीओ अभिषेक कुमार ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए।

मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं पर फोकस

निरीक्षण के दौरान सीडीओ अभिषेक कुमार ने मंदिर परिसर से लेकर आसपास के क्षेत्रों तक व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। उन्होंने मंदिर क्षेत्र को और आकर्षक बनाने के लिए कई जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। खास तौर पर नदी की सफाई को लेकर उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नदी को स्वच्छ और अविरल बनाए रखा जाए ताकि जलभराव जैसी समस्याएं खत्म हो सकें और मंदिर परिसर का वातावरण साफ-सुथरा बना रहे।

उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल की पहचान उसकी स्वच्छता और व्यवस्थाओं से होती है, इसलिए यहां आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए दिए निर्देश

सीडीओ ने श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए बैठने की समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सार्वजनिक शौचालय निर्माण और मंदिर तक जाने वाले मार्गों पर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए भी बीडीओ फूलबेहड़ को निर्देशित किया गया। उनका कहना था कि मंदिर में आने वाले लोगों को सुविधा के साथ सुरक्षा का भी अनुभव होना चाहिए।

पार्किंग स्थल पर पेयजल की समस्या को लेकर भी चर्चा हुई। इस दौरान वहां सरकारी नल लगाए जाने की मांग रखी गई ताकि श्रद्धालुओं को पीने के पानी के लिए भटकना न पड़े।

महंत और स्थानीय लोगों से भी किया संवाद

निरीक्षण के दौरान सीडीओ अभिषेक कुमार ने मंदिर के महंत, पुरोहित और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। बातचीत में यह बात सामने आई कि मंदिर की अभी तक कोई स्थायी समिति नहीं बनी है और फिलहाल अस्थायी व्यवस्था के तहत ही मंदिर का संचालन किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की मांग रखी, जिस पर सीडीओ ने अधिकारियों को गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए।

सफाई और सड़क चौड़ीकरण को लेकर सख्त रुख

सीडीओ ने मंदिर परिसर में साफ-सफाई को सबसे जरूरी बताते हुए एडीओ पंचायत को नियमित सफाई कराने और झाड़ियों की छंटाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिसर में गंदगी और अव्यवस्था बिल्कुल नहीं दिखनी चाहिए।

वहीं मंदिर तक जाने वाले संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण कार्य में हो रही ढिलाई पर उन्होंने नाराजगी जताई। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सीडी-1 को उन्होंने काम में तेजी लाने और गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न करने की सख्त हिदायत दी।

कई अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान पीडी एसएन चौरसिया, बीडीओ फूलबेहड़ सुमित कुमार सिंह, एडीओ पंचायत, सचिव और ग्राम प्रधान लखविंदर सिंह भी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि मंदिर परिसर के विकास और सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

Tags:    

Similar News