Lakhimpur Kheri: गांधी और शास्त्री जयंती जिले में हर्षोल्लास से मनी, देशभक्ति गीतों से गूंजा माहौल

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी में गांधी और शास्त्री जयंती हर्षोल्लास से मनी, देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा माहौल

Update:2025-10-02 14:01 IST

 Lakhimpur Kheri Gandhi Jayanti celebration

Lakhimpur Kheri News: जिले में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जगह-जगह कार्यक्रमों का आयोजन हुआ और पूरा जिला गांधी जी और शास्त्री जी के जयघोषों से गूंज उठा।राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और स्कूली बच्चों ने प्रभातफेरी निकालकर सत्य और अहिंसा का संदेश दिया।

सुबह 9 बजे कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल और एडीएम (न्यायिक) अनिल कुमार रस्तोगी ने महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके बाद स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को शॉल ओढ़ाकर और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।

विचार गोष्ठी में प्रेरणादायक संबोधन

इसके पश्चात कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित विचार गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने कहा कि—गांधी और शास्त्री जी की विचारधारा को अपनाना समय की मांग है। गांधीगिरी एक भावना है, जो हमें सत्य, अहिंसा और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाती है। जय जवान जय किसान का नारा देकर शास्त्री जी ने देश को नई पहचान दी।”उन्होंने कहा कि गांधी जी ने बालिका शिक्षा पर विशेष बल दिया और सामाजिक स्वतंत्रता के प्रबल पक्षधर थे। ये दोनों महापुरुष सदियों तक प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे।

एडीएम अनिल कुमार रस्तोगी ने कहा कि—

महात्मा गांधी ने सत्याग्रह और सविनय अवज्ञा आंदोलनों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी। शास्त्री जी का सरल और सशक्त नेतृत्व देश को गौरव दिलाने वाला था।”

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समा

इस अवसर पर पत्रकार एनके मिश्रा और अवध नरेश सिंह ने गांधी और शास्त्री जी के जीवन पर सारगर्भित विचार रखे। समाजसेवी और बैंककर्मी संजीव त्रिवेदी ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

स्वतंत्रता सेनानी परिवार की बेटी अग्रिमा धवन ने देशभक्ति गीत पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में एसडीएम अश्वनी कुमार सिंह, अर्चना ओझा, प्रशासनिक अधिकारी मोहम्मद सलीम समेत कलेक्ट्रेट कार्यालयों के कर्मचारी उपस्थित रहे।

गांधी बालोद्यान कन्या विद्यालय में भी कार्यक्रम

गांधी और शास्त्री जयंती के अवसर पर नगर स्थित गांधी बालोद्यान कन्या जूनियर हाईस्कूल में डीएम, एडीएम और एसडीएम ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। नर्सरी की एक छात्रा ने डीएम का माल्यार्पण कर सभी को भावुक कर दिया।विद्यालय की छात्राओं ने रामधुन और अन्य देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी।

विद्यालय अध्यक्ष व जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा:“आज के समय में गांधी जी का सत्य, अहिंसा और शांति का संदेश और अधिक प्रासंगिक हो गया है। हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना चाहिए।”इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षिकाएं व सभी छात्राएं उपस्थित रहीं।

Tags:    

Similar News