Lakhimpur News: कांवड़ यात्रा और बाढ़ की तैयारियों की प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने की समीक्षा

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी में प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने कांवड़ यात्रा और संभावित बाढ़ की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, पेयजल, स्वच्छता और राहत-बचाव व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

Update:2026-08-11 15:53 IST

Lakhimpur kheri News

Lakhimpur Kheri News: छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ संभावित बाढ़ से निपटने की तैयारियों की सोमवार देर शाम प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने समीक्षा की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर दोनों विषयों पर जानकारी ली और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में डीएम अंजनी कुमार सिंह, सीडीओ अभिषेक कुमार, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एएसपी पूर्वी पवन गौतम सहित जिला स्तरीय अधिकारी एनआईसी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष से जुड़े। विधायक योगेश वर्मा, रोमी साहनी, मंजू त्यागी, विनोद शंकर अवस्थी और अमन गिरि ने लिंक के माध्यम से बैठक में सहभागिता की।बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धा और आस्था का पर्व है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन सभी व्यवस्थाएं पूरी संवेदनशीलता और समन्वय के साथ सुनिश्चित करे। संभावित बाढ़ को लेकर भी सभी विभाग पूरी तैयारी रखें और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करें। जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उन पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

छोटी काशी में आस्था के सैलाब पर डीएम ने रखा पूरा प्लान

बैठक के पहले सत्र में डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने सावन के सामान्य दिनों के साथ-साथ पहले और दूसरे सोमवार को छोटी काशी में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या तथा उनके लिए की गई सुरक्षा, यातायात, पेयजल, स्वच्छता और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।डीएम ने कहा कि छोटी काशी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िये पहुंच रहे हैं। मेले की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों को भी शामिल किया गया है। प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।गोला विधायक अमन गिरि ने सोमवार को गोला शहर के विद्यालयों को बंद रखने के निर्णय को उचित बताते हुए कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले अन्य विद्यालयों को भी आवश्यकतानुसार बंद रखने का सुझाव दिया। प्रभारी मंत्री ने इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।प्रभारी मंत्री ने कांवड़ यात्रा के लिए की गई व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए सावन माह को सकुशल संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बाढ़ से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा

बैठक के दूसरे सत्र में प्रभारी मंत्री ने बाढ़ की तैयारियों की समीक्षा की। बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता अजय कुमार ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से बाढ़ से पूर्व की तैयारियों और मानसून के दौरान किए जा रहे फ्लड फाइटिंग कार्यों की जानकारी दी।उन्होंने बताया कि जालिमनगर पुल के गाइड बांध के पास स्थित मंदिर की सुरक्षा के लिए तत्परता से फ्लड फाइटिंग कार्य कर उसे सुरक्षित किया गया। वर्तमान में जिले की सभी प्रमुख नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। निघासन में एक, धौरहरा में तीन और गोला क्षेत्र में एक स्थान पर फ्लड फाइटिंग का कार्य कराया गया है।

बैठक में विधायकों ने क्षेत्रीय स्तर पर कांवड़ यात्रा और बाढ़ से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याओं एवं सुझावों को प्रभारी मंत्री के समक्ष रखा। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और की गई कार्रवाई से संबंधित जनप्रतिनिधियों को भी अवगत कराया जाए।बैठक के समापन पर डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि बैठक में प्राप्त दिशा-निर्देशों एवं मार्गदर्शन का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। प्रशासन कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के साथ-साथ संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Tags:    

Similar News