Lakhimpur News: लखीमपुर में थाना समाधान दिवस पर डीएम-एसपी ने सुनीं समस्याएं, निस्तारण के दिए निर्देश
लखीमपुर खीरी के थाना खीरी में समाधान दिवस के दौरान डीएम और एसपी ने जनता की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध व निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।
Lakhimpur kheri News
Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी जिले के सभी थानों में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें पुलिस और भूमि विवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने शिकायतें सुनकर उनका निस्तारण कराया। डीएम अंजनी कुमार सिंह और एसपी डॉ. ख्याति गर्ग थाना खीरी में आयोजित थाना समाधान दिवस में पहुंचे, जहां उन्होंने फरियादियों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं।
समाधान दिवस में डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि राजस्व-पुलिस से संबंधित शिकायतों का निस्तारण आपसी सामंजस्य से सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की समस्याओं को स्वयं समझकर उनका समाधान किया जाए। पुलिस बल के साथ राजस्वकर्मी मौके पर जाकर विवादित मामलों का निस्तारण करें। यदि मामला गंभीर हो तो तत्काल एसडीएम और तहसीलदार को अवगत कराया जाए, ताकि अधिकारी मौके पर जाकर समाधान कर सकें।
डीएम-एसपी ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर जनशिकायतों की निष्पक्ष जांच करते हुए विधिक निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने थाना समाधान दिवस में प्राप्त प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया।इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम, सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ सिटी विवेक तिवारी, नायब तहसीलदार सुनील कुमार, प्रभारी निरीक्षक सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।