Lakhimpur Kheri News: नेपाल में कर्फ्यू हटा, दशई पर्व के लिए जन-जीवन हुआ सामान्य, सीमा पर बढ़ी रौनक

Lakhimpur Kheri News: कर्फ्यू हटते ही बाजार खुले, भारत-नेपाल सीमा पर लौटी भीड़

Update:2025-09-17 20:30 IST

Lakhimpur Kheri News

Lakhimpur Kheri News:  नेपाल में चल रहे जेन-जी आंदोलन के बाद स्थिति में सुधार हुआ है। पाँच दिनों तक चले कर्फ्यू और निषेधाज्ञा को हटा दिया गया है, जिसके बाद जन-जीवन सामान्य हो गया है। बाजारों में रौनक लौट आई है और भारत-नेपाल सीमा पर आवागमन फिर से शुरू हो गया है।

दशई (दशहरा) पर्व की तैयारी

नेपाल का सबसे बड़ा पर्व, दशहरा, जिसे स्थानीय भाषा में दशई कहा जाता है, अब नजदीक है। इस पर्व के लिए महीनों पहले से तैयारी शुरू हो जाती है। देश-विदेश में रहने वाले नेपाली नागरिक इस पर्व पर अपने बड़ों से आशीर्वाद लेने और टीका लगवाने के लिए घर लौटते हैं।

इस साल, जेन-जी आंदोलन के कारण हुई हिंसा और तोड़फोड़ ने दशई की खुशी पर एक तरह का ग्रहण लगा दिया था। लोगों के चेहरों पर खुशी कम और चिंता की लकीरें ज़्यादा दिख रही थीं, क्योंकि हाल ही में हुई घटनाओं में कई लोग मारे गए और घायल हुए थे।

सामान्य हुई सेवाएं

कर्फ्यू हटने के बाद, सभी सरकारी कार्यालय, यातायात सेवाएं, हवाई सेवाएँ, स्कूल, राजस्व विभाग, और अदालतें फिर से खुल गए हैं। दशई पर्व के कारण जल्द ही तीन-चार दिनों का राष्ट्रीय अवकाश भी रहेगा।

आंदोलन के दौरान सरकारी कार्यालयों में हुए नुकसान की भरपाई के लिए छात्रों और युवाओं ने सफाई और रंगाई का काम शुरू कर दिया है ताकि शहरों को फिर से सुंदर बनाया जा सके। लोगों की परेशानियों को कम करने के लिए कई सरकारी कार्यालयों में टेंट लगाकर भी काम चल रहा है।

सीमा पर लौटने वाले लोगों की भीड़

भारत के विभिन्न राज्यों में काम करने वाले नेपाली नागरिक दशई मनाने के लिए वापस अपने वतन लौट रहे हैं। गौरीफंटा, गड्डा चौकी, खकरौला, और नेपालगंज जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों में भारी भीड़ देखी जा रही है। सुदूर पश्चिम प्रदेश के हजारों नागरिक अपने परिवारों से मिलने के लिए वापस आ रहे हैं।सुदूर पश्चिम यातायात व्यवसायी संघ की बसें भी पहाड़ी क्षेत्रों और धनगढ़ी से काठमांडू के लिए अपनी सेवाएँ फिर से शुरू कर चुकी हैं।

दशई खत्म होने के बाद, लोग वापस अपने काम पर लौटेंगे, लेकिन फिलहाल, हर कोई इस पर्व को अपने परिवार के साथ मनाने के लिए उत्सुक है। 39वीं वाहिनी एसएसबी कीतरपुर ने नेपाल सुरक्षा कर्मियों के साथ बार्डर क्षेत्र में संयुक्त गश्त किया। इस दौरान जवानों ने सीमा के पिलरों का निरीक्षण भी किया।कमांडेंट रविन्द्र कुमार राजेश्वरी के दिशा निर्देश पर 39वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल पलिया की सीमा चौकी कीरतपुर द्वारा एपीएफ नेपाल की 35वीं वाहिनी के जवानों साथ सीमा क्षेत्र में संयुक्त गश्त किया।

संयुक्त गश्त के दौरान सीमा स्तंभों की वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया गया। सीमा पर होने वाले आवागमन की निगरानी की गई। इसके साथ ही सीमा क्षेत्र में निवास करने वाले लोगों की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया। बताया गया कि इस प्रकार की संयुक्त गश्त से दोनों देशों के सीमा सुरक्षा बलों के मध्य आपसी समन्वय, सहयोग एवं विश्वास को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलती है।

Tags:    

Similar News