पहले हनुमानगढ़ी, फिर रामलला...अखिलेश के अयोध्या दौरे से बदलेगा सियासी रुख या कोई बड़ा दांव?

Akhilesh Yadav Ayodhya Visit: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या में हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन करेंगे। सपा इस दौरे के जरिए प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं को जुटाकर शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में है। जानिए 2027 चुनाव से पहले इस दौरे के सियासी मायने।

Update:2026-11-11 13:29 IST

Akhilesh Yadav 

 Akhilesh Yadav Ayodhya Visit: उत्तर प्रदेश की राजनीति में राम मंदिर (Ram Temple) सिर्फ आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सियासी बहस का भी बड़ा मुद्दा रहा है। चुनाव नजदीक हों तो अयोध्या की अहमियत और बढ़ जाती है। अब इसी सियासी गलियारे में समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की एंट्री होने जा रही है। अखिलेश 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे। यानी जिस सवाल पर अब तक वह अक्सर चुप्पी साधते या बात टालते नजर आए, उसका जवाब अब मंदिर पहुंचकर देने की तैयारी है। इस दौरे को 2027 के विधानसभा चुनाव (Assembly Election 2027) से पहले एक बड़े राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

सपा ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी इस कार्यक्रम के जरिए प्रदेशभर से कार्यकर्ताओं और नेताओं को जुटाकर अपनी ताकत दिखाने की रणनीति बना रही है। अयोध्या और आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में नेताओं के पहुंचने की उम्मीद है।

पहले हनुमानगढ़ी, फिर रामलला के दरबार में पहुंचेंगे अखिलेश

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश यादव अयोध्या एयरपोर्ट (Ayodhya Airport) पर उतरने के बाद अपने चुनावी रथ से हनुमानगढ़ी (Hanumangarhi) पहुंचेंगे। यहां दर्शन करने के बाद वह रामलला के दरबार में जाकर आशीर्वाद लेंगे। इस दौरान सपा प्रमुख साधु-संतों से भी मुलाकात कर उनका आशीर्वाद ले सकते हैं।

सपा इस दौरे को केवल धार्मिक कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय बड़े राजनीतिक आयोजन के रूप में भी पेश करने की तैयारी में है। प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं को बुलाने की योजना इसी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।

राम मंदिर उद्घाटन के बाद पहली बार दर्शन करेंगे अखिलेश?

राम मंदिर के उद्घाटन के बाद से अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे और रामलला के दर्शन को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। वह अयोध्या जाने के बाद भी मंदिर नहीं पहुंचे और इस मुद्दे पर पूछे जाने पर अक्सर सवाल टालते रहे। पहले उन्होंने इटावा में केदारेश्वर मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद रामलला के दर्शन करने की बात कही थी।

अब 12 दिसंबर को उनके प्रस्तावित दौरे ने इस मुद्दे को फिर चर्चा में ला दिया है। खास बात यह है कि उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश का राम मंदिर पहुंचना महज धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि सियासी रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।

राम मंदिर और कारसेवकों का मुद्दा, बीजेपी के निशाने पर रही है सपा

समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर बीजेपी समेत कई राजनीतिक दल मुस्लिम तुष्टिकरण (Muslim Appeasement) के आरोप लगाते रहे हैं। राम मंदिर आंदोलन के दौरान कारसेवकों पर हुई गोलीबारी को लेकर भी बीजेपी और हिंदू संगठन तत्कालीन सपा सरकार को घेरते रहे हैं।

ऐसे में अखिलेश यादव का रामलला के दर्शन करने का फैसला राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। हालांकि, इस एक दौरे से उनके प्रति लोगों की सोच में कितना बदलाव आएगा, यह कहना अभी जल्दबाजी होगी। लेकिन इतना तय है कि अयोध्या का यह दौरा यूपी की सियासत में नई बहस छेड़ सकता है।

पवन पांडेय ने पहले ही कर दिया था दौरे का ऐलान

अखिलेश यादव के अयोध्या आने की जानकारी सबसे पहले पूर्व मंत्री और सपा नेता पवन पांडेय ने दी थी। उन्होंने पिछले दिनों ऐलान किया था कि सपा प्रमुख 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचेंगे। यहां वह पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन करेंगे और फिर रामलला का आशीर्वाद लेंगे।

इस घोषणा के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी भी शुरू हो गई थी। बीजेपी और दूसरे नेताओं ने अखिलेश के इस कदम को राजनीतिक दिखावा बताते हुए उन पर निशाना साधा था। अब सबकी नजरें 12 दिसंबर पर हैं कि अखिलेश का अयोध्या दौरा किस तरह का राजनीतिक संदेश देता है और सपा इस आयोजन के जरिए अपनी ताकत का कितना प्रदर्शन कर पाती है।

Tags:    

Similar News